650वीं जयंती पर सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का दिया संदेश, संत रविदास के आदर्शों पर चलने का किया आह्वान
कोटद्वार, 31 जुलाई। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने शुक्रवार को कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के कौड़ियां चेक पोस्ट पर पहुंचकर संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समरसता संकल्प अभियान की भव्य कलश यात्रा में सहभागिता की। इस दौरान श्रद्धालुओं और जनप्रतिनिधियों की बड़ी उपस्थिति ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवन और विचारों से समाज को समानता, सेवा, सद्भाव और मानवता का अमूल्य संदेश दिया। उनके आदर्श आज भी सामाजिक एकता और समरसता को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि समरसता संकल्प अभियान केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में भाईचारा, समानता और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने का एक सशक्त माध्यम है। संत रविदास जी का सेवा, समर्पण और सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाकर राष्ट्र निर्माण को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान की जा सकती है।
ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने सभी श्रद्धालुओं और आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए संत रविदास के बताए मार्ग पर चलकर समतामूलक और समरस समाज के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राज गौरव नौटियाल, जिला अध्यक्ष गुरु बचन सिंह, महापौर शैलेन्द्र रावत, मंडल अध्यक्ष विकासदीप मित्तल, सुरेंद्र आर्य, हंसलता, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष शांता बमराड़ा, मंडल अध्यक्ष कमल सैनी, लक्ष्मी रावत, सरदार सुभाष सिंह, भूपेंद्र सिंह, रजनी बिष्ट, राजबाला, आराधना द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।