‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ के संकल्प को आगे बढ़ा रही राज्य सरकार
नई दिल्ली/ देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में आयोजित भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 के अंतर्गत आयोजित उत्तराखण्ड दिवस समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड पवेलियन का शुभारंभ किया और प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक कला एवं विशिष्ट उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने पवेलियन में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों, स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक शिल्पकला और स्थानीय उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड के पारंपरिक उत्पाद राज्य की विशिष्ट पहचान होने के साथ-साथ स्थानीय रोजगार और आजीविका के महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला जैसे प्रतिष्ठित आयोजन उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं। इनके माध्यम से प्रदेश के कारीगरों, हस्तशिल्पियों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन तथा नए बाजारों से जुड़ने के अवसर मिलते हैं। इससे स्थानीय उत्पादों की मांग बढ़ने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देशभर में स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने, पारंपरिक कौशल को संरक्षित करने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ की भावना के अनुरूप उत्तराखण्ड सरकार भी प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों एवं हस्तशिल्प को नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि उत्तराखण्ड के पारंपरिक उत्पादों को आधुनिक तकनीक, बेहतर पैकेजिंग, गुणवत्ता संवर्धन और प्रभावी विपणन के माध्यम से व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाए। इससे स्थानीय उत्पादकों की आय में वृद्धि होगी तथा युवाओं और महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों, प्राकृतिक संपदा और पारंपरिक ज्ञान पर आधारित उत्पाद प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। इन उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने पवेलियन में प्रतिभाग कर रहे सभी कारीगरों, उद्यमियों और स्थानीय उत्पादकों के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि ऐसे आयोजन उत्तराखण्ड के उत्पादों को नई पहचान देने के साथ ही प्रदेश को आर्थिक एवं व्यावसायिक रूप से और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, विधायक भरत सिंह चौधरी, सचिव विनय शंकर पांडेय सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।