लोकसभा से पंचायत चुनाव तक लगातार जीत का दावा, 2027 में ऐतिहासिक हैट्रिक का जताया भरोसा
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में चार वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महेंद्र भट्ट का चार वर्षीय कार्यकाल संगठन के विस्तार, कार्यकर्ताओं के सशक्तिकरण और भाजपा की वैचारिक मजबूती के लिए ऐतिहासिक रहा है।
मनवीर चौहान ने कहा कि महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में भाजपा ने लोकसभा चुनाव, विधानसभा उपचुनाव, निकाय चुनाव और पंचायत चुनाव सहित विभिन्न चुनावों में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर उत्तराखंड में अपना जनाधार और अधिक मजबूत किया। उन्होंने संगठन को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा कार्यकर्ताओं को सरकार की उपलब्धियों और पार्टी की विचारधारा को प्रभावी ढंग से समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि महेंद्र भट्ट का सरल, सहज और आत्मीय व्यक्तित्व, कार्यकर्ताओं के प्रति समर्पण तथा अभिभावक जैसा व्यवहार उन्हें संगठन के हर कार्यकर्ता के बीच लोकप्रिय बनाता है। उनके नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं में नए उत्साह का संचार किया है और संगठन को नई ऊर्जा प्रदान की है।
मनवीर चौहान ने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में उत्तराखंड में ऐतिहासिक हैट्रिक बनाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन और कार्यकर्ताओं का अटूट विश्वास उनके नेतृत्व के साथ है तथा भाजपा विकास, सुशासन और राष्ट्रवादी विचारधारा को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगी।