संगठन को शताब्दी तक अनुशासन और समर्पण से चलाना बड़ी साधना: मोहन भागवत - Seva Bharat Times

संगठन को शताब्दी तक अनुशासन और समर्पण से चलाना बड़ी साधना: मोहन भागवत

हरिद्वार में माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी समारोह में पहुंचे संघ प्रमुख, स्मारक डाक टिकट का किया विमोचन

हरिद्वार। अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से आयोजित परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी समारोह का भव्य शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार, बैंड और शंखनाद के बीच तीन पवित्र कलशों के आगमन के साथ हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में माता भगवती देवी शर्मा के जीवन, तप, त्याग, सेवा और समाज निर्माण में उनके योगदान को स्मरण करते हुए विशेष स्मारक डाक टिकट का विमोचन भी किया गया।

समारोह के प्रातःकालीन सत्र में डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि किसी भी संगठन के लिए सौ वर्ष की यात्रा पूरी करना आसान नहीं होता, लेकिन उसे अनुशासन, निरंतरता और समर्पण के साथ आगे बढ़ाना उससे भी बड़ी साधना है। उन्होंने कहा कि ईश्वरीय कार्यों के संचालन के लिए भगवान स्वयं सामने नहीं आते, बल्कि योग्य व्यक्तियों और संगठनों को इसकी जिम्मेदारी सौंपते हैं।

उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति को लेकर किसी प्रकार की शंका या चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। वर्तमान विश्व अनेक चुनौतियों से जूझ रहा है और इन समस्याओं के समाधान के लिए दुनिया भारत की ओर देख रही है। भारतीय संस्कृति और सनातन चिंतन में मानवता को सही दिशा देने की क्षमता है।

डॉ. भागवत ने कहा कि किसी संगठन की सौ वर्षों की यात्रा में अनेक चुनौतियां और उपेक्षाएं आती हैं, लेकिन निरंतर सेवा, त्याग और समर्पण से समाज का विश्वास एवं समर्थन प्राप्त होता है। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और गायत्री परिवार के कार्यों को ईश्वरीय उद्देश्य से जुड़ा बताते हुए कार्यकर्ताओं से समाज निर्माण के कार्यों को पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने हनुमान जी को सेवाभावी कार्यकर्ताओं का आदर्श बताया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हनुमान जी ने स्वयं को रामकार्य के लिए समर्पित किया, उसी प्रकार प्रत्येक कार्यकर्ता को सनातन संस्कृति और समाज निर्माण के कार्य में समर्पण भाव से जुटना चाहिए।

माता भगवती देवी शर्मा के सम्मान में स्मारक डाक टिकट जारी

जन्मशताब्दी समारोह का प्रमुख आकर्षण परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के जीवन और योगदान को समर्पित विशेष स्मारक डाक टिकट का विमोचन रहा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, जगद्गुरु आश्रम के स्वामी राजराजेश्वराश्रम और जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से डाक टिकट का अनावरण किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने माता भगवती देवी शर्मा के तप, त्याग, करुणा, मातृत्व और समाज सेवा के प्रति उनके समर्पण को याद किया। उन्होंने कहा कि माता जी का संपूर्ण जीवन नारी जागरण, सामाजिक चेतना और युग निर्माण के कार्यों को समर्पित रहा। उनके विचार और जीवन मूल्य आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरणा देते रहेंगे।

डाक टिकट के माध्यम से उनके विराट व्यक्तित्व और समाज निर्माण में दिए गए योगदान को देशभर में पहचान दिलाने के साथ भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

सौ वर्षों की साधना और संगठन शक्ति का अद्वितीय उदाहरण : डॉ. चिन्मय पण्ड्या

जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि यह आयोजन सौभाग्य के उदय का ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने महर्षि अरविन्द के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2026 इतिहास के पन्नों में दिव्य ज्योति के अवतरण के वर्ष के रूप में जाना जाएगा।

उन्होंने परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि माताजी का पूरा जीवन तप, त्याग, साधना और समाज निर्माण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने जिस विराट संकल्प और संगठन शक्ति के साथ अश्वमेध महायज्ञों का संचालन किया, वह अपने आप में अद्वितीय उदाहरण है।

इससे पूर्व जगद्गुरु आश्रम के स्वामी राजराजेश्वराश्रम ने कहा कि किसी भी संस्था की वास्तविक आत्मा उसके भवन, संसाधनों अथवा विस्तार में नहीं, बल्कि वहां कार्य करने वाले लोगों के चरित्र, साधना, समर्पण और जीवन मूल्यों में निहित होती है।

समारोह में श्रीहरि सेवा धाम के प्रमुख स्वामी हरिचेतनानंद, आर्ष विद्या मंदिर के अध्यक्ष स्वामी परमात्मानंद, सूरतगिरि बंगला के प्रमुख स्वामी विश्वेश्वरानंद सहित अनेक संतों ने आशीर्वचन दिए।

तीन पवित्र कलशों के आगमन से हुआ समारोह का शुभारंभ

समारोह का विधिवत शुभारंभ वैदिक मंत्रों के उच्चारण, बैंड और शंखनाद के साथ तीन पवित्र कलशों के आगमन से हुआ। ये कलश गायत्री परिवार के संस्थापक पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य की जन्मभूमि आंवलखेड़ा (आगरा), तपोभूमि मथुरा और कर्मभूमि हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरण का संदेश देते हुए समारोह स्थल पहुंचे। यहां वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने मंगल आरती कर उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल विश्व गायत्री परिवार की प्रमुख शैलदीदी ने की। इस अवसर पर डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने अतिथियों को गायत्री महामंत्र अंकित चादर, रुद्राक्ष माला और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

शांतिकुंज में अखंड दीप के किए दर्शन, शैलदीदी से हुई आत्मीय भेंट

जन्मशताब्दी समारोह में शामिल होने के दौरान डॉ. मोहन भागवत शांतिकुंज भी पहुंचे, जहां उन्होंने अखिल विश्व गायत्री परिवार की प्रमुख शैलदीदी से आत्मीय मुलाकात की। दोनों के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विषयों के साथ समाज निर्माण एवं सांस्कृतिक चेतना को लेकर चर्चा हुई।

इस दौरान डॉ. भागवत ने शांतिकुंज स्थित सिद्ध अखंड दीप के दर्शन कर विश्व बंधुत्व और लोकमंगल की प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की चरण पादुकाओं पर श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया।

शैलदीदी ने मंगल तिलक लगाकर उनका स्वागत किया और गायत्री महामंत्र अंकित उपवस्त्र, युग साहित्य एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या, शांतिकुंज महिला मंडल प्रमुख शैफाली पण्ड्या सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं गायत्री परिवार के परिजन उपस्थित रहे।

समारोह में भारत सहित करीब 40 देशों से पहुंचे गायत्री परिवार के सदस्यों और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने सहभागिता की। आयोजन ने माता भगवती देवी शर्मा के जीवन आदर्शों, सेवा, साधना और संगठन शक्ति के संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित करने का अवसर प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *