हरिद्वार के चंडीघाट पर राजकीय सम्मान के साथ संपन्न हुआ अंतिम संस्कार, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई दिग्गज नेता, संत-महात्मा व जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार के चंडीघाट स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। उनके पार्थिव शरीर को चार पुत्रों में सबसे छोटे बेटे महेंद्र सिंह बिष्ट ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के साथ ही सावित्री देवी का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हो गया।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पैतृक गांव पंचूर (पौड़ी गढ़वाल) से शनिवार सुबह करीब 8:50 बजे अंतिम यात्रा शुरू हुई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया। सुबह करीब 11:40 बजे अंतिम यात्रा हरिद्वार के चंडीघाट श्मशान घाट पहुंची।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां के पार्थिव शरीर को कंधा देते हुए भावुक नजर आए। अंतिम दर्शन के लिए चंडीघाट पर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के नेताओं, साधु-संतों तथा विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों का जमावड़ा लगा रहा। सभी ने सावित्री देवी को श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्री और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इनमें परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, मत्स्य पालन मंत्री संजय निषाद और जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, योगगुरु स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण सहित उत्तराखंड एवं उत्तर प्रदेश के अनेक भाजपा नेता भी चंडीघाट पहुंचे।
इसके अलावा अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद (निरंजनी) एवं मनसा देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज सहित विभिन्न अखाड़ों के संत-महात्माओं ने भी सावित्री देवी को श्रद्धांजलि दी।
अंतिम यात्रा और अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने को देखते हुए हरिद्वार जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। वीआईपी आगमन और श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे लोगों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन एवं पुलिस की टीमें लगातार व्यवस्थाएं संभालती रहीं।
मां के अंतिम संस्कार के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भावुक रूप देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। इस दुखद अवसर पर राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक जगत की अनेक हस्तियों ने शोक संवेदना व्यक्त की।