53वें सेंट जॉर्ज हेरिटेज कप फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य आगाज़, 24 टीमें मैदान में उतरीं

प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा ने किक लगाकर किया शुभारम्भ, उद्घाटन मुकाबला और दूसरा मैच 1-1 की बराबरी पर समाप्त

मसूरी। खेल भावना, उत्साह और रोमांच के बीच शनिवार को सेंट जॉर्ज कॉलेज, मसूरी में 53वें हेरिटेज कप जैकी आमंत्रण फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का भव्य शुभारम्भ हुआ। 1 से 14 अगस्त तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों और फुटबॉल क्लबों की 24 टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

टूर्नामेंट के उद्घाटन अवसर पर प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण, उत्तराखंड खेल विश्वविद्यालय के प्रथम कुलपति तथा अतिरिक्त महानिदेशक उत्तराखंड पुलिस अमित कुमार सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कॉलेज परिवार ने उन्हें पौधा भेंट कर स्वागत किया।

अपने संबोधन में अमित कुमार सिन्हा ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, धैर्य और टीम भावना का सबसे प्रभावी मंच हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से निष्पक्ष खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया और सेंट जॉर्ज कॉलेज द्वारा पिछले पांच दशकों से अधिक समय से इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के सफल आयोजन की सराहना की।

मुख्य अतिथि को कॉलेज की ओर से स्मृति-चिह्न और विद्यार्थियों द्वारा तैयार किया गया उनका आकर्षक पोर्ट्रेट भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया, औपचारिक टॉस कराया और गेंद को किक लगाकर टूर्नामेंट का विधिवत शुभारम्भ किया।

उद्घाटन मुकाबले में सेंट जॉर्ज कॉलेज ‘सी’ और हैम्पटन कोर्ट स्कूल के बीच रोमांचक मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। हैम्पटन कोर्ट स्कूल के सूरज ने 42वें मिनट में पहला गोल दागा, जबकि सेंट जॉर्ज कॉलेज ‘सी’ के आयुष्मान ने 44वें मिनट में शानदार गोल कर मुकाबला बराबरी पर ला दिया।

दिन के दूसरे मुकाबले में ब्लू फुटबॉल क्लब और भट्टा स्पोर्ट्स क्लब के बीच भी कांटे की टक्कर देखने को मिली। दोनों टीमों ने एक-एक गोल किया और मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ।

इस अवसर पर ब्रदर जेयासीलन एस. (प्रधानाचार्य), ब्रदर ब्रिट्टो (सुपीरियर एवं स्पोर्ट्स सेक्रेटरी), ब्रदर सिल्वेनस केरकेट्टा (उप-प्रधानाचार्य), ब्रदर लॉरेंस कुजूर (सहायक स्पोर्ट्स सेक्रेटरी) तथा ब्रदर निथिन मिटरली सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

53वें हेरिटेज कप जैकी आमंत्रण फुटबॉल टूर्नामेंट के साथ मसूरी में फुटबॉल का रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया है। आगामी दिनों में विभिन्न क्लबों और स्कूलों के बीच होने वाले मुकाबले खेल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *