मसूरी में हरेला पर्व पर उमड़ा उत्साह, मंत्री गणेश जोशी ने बांटे हजारों पौधे व बीज

मसूरी। हरेला पर्व के अवसर पर प्रदेश के काबीना मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को मसूरी के शहीद भगत सिंह चौक पर उद्यान विभाग और भाजपा मसूरी मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फलदार पौधों एवं सब्जियों के बीजों का वितरण किया। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक पौधे और बीज प्राप्त किए।

मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार ने इस वर्ष 10 लाख फलदार पौधों के वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसे शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत प्रदेशभर में लोगों को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पोषण और आत्मनिर्भरता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान लोगों को नींबू के पौधों के साथ धनिया, टमाटर, मूली, गाजर, शलगम, गोभी सहित विभिन्न सब्जियों के बीज वितरित किए गए। मंत्री ने कहा कि इसका उद्देश्य लोगों को अपने घरों के आसपास पौधे लगाने और घर की क्यारियों में ताजी एवं शुद्ध सब्जियां उगाने के लिए प्रेरित करना है, ताकि वे मिलावटी खाद्य पदार्थों से बचते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपना सकें।

उन्होंने बताया कि इसी अभियान के तहत बुरांशखंडा क्षेत्र में ग्रामीणों को मटर के बीज भी वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचे और हर परिवार पर्यावरण संरक्षण तथा पोषण सुरक्षा से जुड़े।

मंत्री ने बताया कि फलदार पौधों के अलावा 50 हजार रेशम (शहतूत) तथा 50 हजार चाय के पौधों का भी वितरण किया जा चुका है और विभाग निर्धारित लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, गुड मोहन, विजय बिंदवाल, अरविंद सेमवाल, महामंत्री जगजीत कुकरेजा, कुशाल राणा, सचिन पंवार, सपना शर्मा, अभिलाष, निर्मला अग्रवाल, शिव अरोड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *