प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना-4.0 के तहत हॉस्पिटैलिटी, तकनीकी और सप्लाई चेन क्षेत्र में 3 से 4 माह की ट्रेनिंग
देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं को हुनरमंद बनाकर रोजगार से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। उत्तराखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन के माध्यम से राजधानी देहरादून में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना-4.0 के अंतर्गत युवाओं को हॉस्पिटैलिटी, तकनीकी एवं सप्लाई चेन मैनेजमेंट के क्षेत्र में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस योजना के तहत 650 से अधिक प्रशिक्षण सीटें उपलब्ध कराई गई हैं। खास बात यह है कि 15 से 45 वर्ष तक के युवक-युवतियां इन पाठ्यक्रमों का लाभ उठा सकते हैं। वहीं, प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली युवतियों के लिए निःशुल्क आवास की व्यवस्था भी की गई है।
उत्तराखंड स्किल डेवलपमेंट सोसाइटी की ओर से संचालित इन पाठ्यक्रमों की अवधि तीन से चार माह निर्धारित की गई है। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को संबंधित क्षेत्र की व्यावहारिक जानकारी और उद्योगों की मांग के अनुरूप कौशल सिखाया जाएगा। इसके साथ ही प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें रोजगार एवं प्लेसमेंट के अवसरों से जोड़ने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इन संस्थानों में मिलेगा प्रशिक्षण
गढ़ी कैंट स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम), देहरादून में हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के अंतर्गत हाउसकीपिंग असिस्टेंट के लिए 150 सीटें तथा फूड एंड बेवरेज सर्विस असिस्टेंट के लिए 350 से अधिक सीटें उपलब्ध हैं।
वहीं, सहसपुर स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में 12वीं पास एवं आईटीआई योग्यता रखने वाले युवक-युवतियों के लिए सोलर पीवी इंस्टॉलर (इलेक्ट्रिकल) और असिस्टेंट मैकेनिस्ट (आयरन एंड स्टील) के 40-40 सीटों के बैच संचालित किए जा रहे हैं।
इसके अतिरिक्त दून विश्वविद्यालय में 12वीं पास अभ्यर्थियों के लिए सप्लाई चेन एग्जीक्यूटिव पाठ्यक्रम के तहत 100 सीटें उपलब्ध कराई गई हैं।
निःशुल्क प्रशिक्षण के साथ प्लेसमेंट में भी मिलेगी सहायता
उत्तराखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन की नोडल अधिकारी विनीता बडोनी ने बताया कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना-4.0 के माध्यम से 15 से 45 वर्ष तक के युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। आईएचएम देहरादून में हॉस्पिटैलिटी, दून विश्वविद्यालय में सप्लाई चेन एग्जीक्यूटिव तथा सहसपुर स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में तकनीकी पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद युवाओं को प्लेसमेंट में भी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही प्रशिक्षण लेने वाली युवतियों के लिए निःशुल्क आवास की सुविधा भी रहेगी।
यहां करें संपर्क और पंजीकरण
इच्छुक युवक-युवतियां अपनी रुचि एवं योग्यता के अनुसार संबंधित प्रशिक्षण संस्थानों के संपर्क नंबरों पर जानकारी प्राप्त कर पंजीकरण करा सकते हैं।
- हॉस्पिटैलिटी कोर्स (आईएचएम): 9410394201
- सप्लाई चेन एग्जीक्यूटिव (दून विश्वविद्यालय): 7618222334
- तकनीकी कोर्स (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस): 9870835117
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयासरत है। यह पहल न केवल युवाओं को रोजगार के लिए आवश्यक कौशल प्रदान करेगी, बल्कि उन्हें निजी क्षेत्र में करियर बनाने और अपने भविष्य को नई दिशा देने का अवसर भी उपलब्ध कराएगी।