मिशन चुनाव-2027: देहरादून में चुनावी तैयारियां तेज, 265 जोनल-सेक्टर मजिस्ट्रेटों को मिला प्रशिक्षण - Seva Bharat Times

मिशन चुनाव-2027: देहरादून में चुनावी तैयारियां तेज, 265 जोनल-सेक्टर मजिस्ट्रेटों को मिला प्रशिक्षण

देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्विघ्न संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को परेड ग्राउंड परिसर स्थित बॉक्सिंग हॉल में देहरादून जनपद के जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।

प्रशिक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच पहुंचकर निर्वाचन प्रक्रिया, दायित्वों और कार्यप्रणाली से संबंधित उनकी शंकाओं को सुना और उनका समाधान किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, निर्विघ्न एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित और सफल बनाने में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

डीएम ने कहा कि निर्वाचन लोकतंत्र का महापर्व है और इसकी गरिमा बनाए रखना प्रत्येक निर्वाचन कार्मिक की जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी सौंपे गए दायित्वों को पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ निभाएं। निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या चूक स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि किसी अधिकारी को किसी प्रक्रिया को लेकर संशय हो तो वह समय रहते अपने उच्चाधिकारियों से संपर्क कर उसका समाधान सुनिश्चित करे।

उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने तथा निर्वाचन से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं की पूरी जानकारी रखने के निर्देश भी दिए।

मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर तैयार होगा विस्तृत डेटाबेस

जिलाधिकारी ने जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर मतदान केंद्रों और बूथों की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्ग, सड़क से केंद्र की दूरी, भवन की स्थिति, आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं (AMF), संचार एवं नेटवर्क कनेक्टिविटी का विशेष ध्यान रखा जाए।

इसके साथ ही वल्नरेबल और क्रिटिकल मतदान केंद्रों की पहचान एवं मैपिंग करते हुए सभी आवश्यक जानकारियों का विस्तृत डेटाबेस तैयार किया जाए। क्षेत्रीय निरीक्षण के दौरान जुटाई गई सूचनाओं का सटीक संकलन और समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि निर्वाचन से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा सकें।

50 जोनल और 239 सेक्टर मजिस्ट्रेट किए गए नियुक्त

प्रशिक्षण में जनपद के 50 नियुक्त जोनल मजिस्ट्रेटों में से 46 तथा 239 सेक्टर मजिस्ट्रेटों में से 218 अधिकारी उपस्थित रहे। इस प्रकार कुल 265 अधिकारियों ने प्रशिक्षण में प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जितेन्द्र कुमार तथा मास्टर ट्रेनर एवं निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *