बेटा हिमालय का’ गीत से गूंजेगा उत्तराखण्ड के विकास का संदेश, सीएम धामी ने किया विमोच - Seva Bharat Times

बेटा हिमालय का’ गीत से गूंजेगा उत्तराखण्ड के विकास का संदेश, सीएम धामी ने किया विमोच

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड की विकास यात्रा और राज्य की निरंतर प्रगति को समर्पित गीत ‘बेटा हिमालय का’ का विमोचन किया। टीम उत्तराधुन द्वारा तैयार इस गीत के माध्यम से मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों, पर्यटन के विस्तार, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों तथा स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है।

गीत में उत्तराखण्ड की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक विरासत के साथ विकास के विभिन्न आयामों को गीत-संगीत एवं दृश्यात्मक प्रस्तुति के जरिए दर्शाया गया है। ‘संकल्प नए उत्तराखण्ड का’ थीम पर आधारित यह रचना प्रदेश की उपलब्धियों और भविष्य की विकास संभावनाओं को आमजन तक पहुंचाने का रचनात्मक प्रयास है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गीत के निर्माण से जुड़े सभी कलाकारों और टीम उत्तराधुन को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गीत-संगीत जनभावनाओं को अभिव्यक्त करने का एक सशक्त माध्यम है। इस प्रकार की रचनात्मक प्रस्तुतियां राज्य की विकास यात्रा, उपलब्धियों और संभावनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तराखण्ड के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मातृशक्ति के सशक्तीकरण, युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और पर्यटन की अपार संभावनाओं को विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। साथ ही स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए भी सरकार प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की विकास यात्रा को रचनात्मक माध्यमों से प्रस्तुत करने वाली ऐसी पहलें उत्तराखण्ड की पहचान, उपलब्धियों और नई संभावनाओं को व्यापक स्तर पर पहुंचाने में सहायक सिद्ध होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *