विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी तेज, देहरादून में दो दिव्यांगजन आइकॉन नामित - Seva Bharat Times

विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी तेज, देहरादून में दो दिव्यांगजन आइकॉन नामित

रोहन शर्मा और नीरजा गोयल संभालेंगे मतदाता जागरूकता की जिम्मेदारी, दिव्यांग मतदाताओं को भी मतदान के लिए करेंगे प्रेरित

देहरादून। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में दिव्यांगजनों की भागीदारी बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन देहरादून ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा श्री रोहन शर्मा और सुश्री नीरजा गोयल को दिव्यांगजन आइकॉन (PwDs Icons) नामित किया गया है। दोनों आइकॉन जिले में मतदाता जागरूकता अभियान को गति देने के साथ दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे।

नेहरू कॉलोनी, देहरादून निवासी रोहन शर्मा रेडियो जॉकी हैं। वे अपने प्रभावशाली संवाद और संचार कौशल के माध्यम से आमजन तक मतदान का संदेश पहुंचाएंगे। वहीं ऋषिकेश निवासी नीरजा गोयल भी दिव्यांगजन आइकॉन के रूप में मतदाताओं को जागरूक करने तथा दिव्यांगजनों को लोकतंत्र के महापर्व में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेंगी।

दोनों आइकॉन विधानसभा निर्वाचन-2027 के दौरान जनपद के नागरिकों से अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील करेंगे। इसके साथ ही दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देकर उन्हें मतदान प्रक्रिया में अधिकाधिक भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि प्रत्येक दिव्यांग मतदाता को सुलभ, सरल और सुगम मतदान का अवसर मिले तथा कोई भी व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को लोकतंत्र की मुख्यधारा से जोड़ना, मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक समावेशी बनाना है। इसके लिए जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता अभियान भी संचालित किया जाएगा।

जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक मतदाता की सक्रिय भागीदारी से सुनिश्चित होती है। दिव्यांगजन भी समाज का अभिन्न और महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी भागीदारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में शत-प्रतिशत मतदान का लक्ष्य हासिल करने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

जिला प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन देहरादून ने जनपद के सभी नागरिकों से आगामी विधानसभा निर्वाचन-2027 में अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की है। प्रशासन का संदेश है कि लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब प्रत्येक मतदाता मतदान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *