भारत-नेपाल के सांस्कृतिक रिश्तों और लोक परंपराओं का प्रतीक है झनकईया मेला : मुख्यमंत्री
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर खटीमा में आयोजित ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने शारदा नदी तट पर पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं देशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत झनकईया तथा काला पुल के समीप नवनिर्मित पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाटों के निर्माण की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कार्तिक पूर्णिमा और श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झनकईया का ऐतिहासिक मेला धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और समृद्ध परंपराओं का अनूठा संगम है। लंबे समय से आयोजित हो रहा यह मेला उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। खुशी की बात है कि नई पीढ़ी भी पूरे उत्साह के साथ इन परंपराओं को आगे बढ़ा रही है।
भारत-नेपाल के सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूत करता है मेला
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा के समीप आयोजित होने वाला झनकईया मेला दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों और आपसी सद्भाव को मजबूत करता है। भारत और नेपाल के बीच सदियों से रोटी-बेटी का रिश्ता रहा है। दोनों देशों की सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराएं एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि मेले में सीमांत क्षेत्रों के साथ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्यापारी पहुंचते हैं। थारू समाज सहित विभिन्न समुदायों की सहभागिता, पारंपरिक लोकगीत, लोकनृत्य और रीति-रिवाज इस मेले को विशिष्ट पहचान प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजन स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का अवसर भी उपलब्ध कराते हैं।
जनजातीय और सीमांत क्षेत्रों के विकास पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ पारंपरिक मेलों, महोत्सवों और सांस्कृतिक आयोजनों को भी निरंतर प्रोत्साहित कर रही है। हाल ही में खटीमा में आदि गौरव महोत्सव और देहरादून में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया गया।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार सीमांत एवं जनजातीय क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार तक शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बेहतर बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। अटल आवास योजना के अंतर्गत आय सीमा को व्यावहारिक बनाने और आवास निर्माण के लिए सहायता राशि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम-जनमन के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ हुई चर्चा के क्रम में उत्तराखंड के लिए 50 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं।
शिक्षा और स्वरोजगार के अवसरों का होगा विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय एवं सीमांत क्षेत्रों में शिक्षा के विस्तार के लिए आश्रम पद्धति विद्यालयों, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों, केंद्रीय विद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और छात्रावासों जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और वन धन केंद्रों के माध्यम से जनजातीय महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के अभियान के तहत 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई गई है। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी जा रही हैं।
शारदा कॉरिडोर के तहत विकसित होंगे धार्मिक स्थल
मुख्यमंत्री ने मेले के विस्तार और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग, नगर पालिका खटीमा और जिला पंचायत को आपसी समन्वय से स्नान घाटों, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत क्षेत्र के धार्मिक स्थलों को विकसित किया जाएगा और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
दुकानदारों से जलेबी और सिंघाड़े खरीद दिया वोकल फॉर लोकल का संदेश
मेले के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों से जलेबी और सिंघाड़े खरीदकर वोकल फॉर लोकल का संदेश दिया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों और व्यापार को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना, फरजाना बेगम, मेला समिति अध्यक्ष शेर सिंह दानू, हिमांशु बिष्ट, रनदीप पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार एवं निर्मला बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।