गंगा संरक्षण के लिए मुख्यमंत्री धामी की पहल, 10 हजार मत्स्य बीजों को मिला आश्रय - Seva Bharat Times

गंगा संरक्षण के लिए मुख्यमंत्री धामी की पहल, 10 हजार मत्स्य बीजों को मिला आश्रय

देहरादून/हरिद्वार। गंगा की प्राकृतिक मत्स्य संपदा को बढ़ावा देने और जलीय जैव विविधता के संरक्षण की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को महत्वपूर्ण पहल की। विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर हरिद्वार के अमरापुर घाट पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गंगा नदी में 10 हजार मत्स्य बीजों का संचयन किया। इस दौरान उन्होंने गंगा के पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखने तथा जलीय जीवों के प्राकृतिक आवासों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां गंगा केवल हमारी आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक ही नहीं, बल्कि समृद्ध जैव विविधता एवं प्राकृतिक संसाधनों का भी महत्वपूर्ण आधार हैं। गंगा की निर्मलता, अविरलता और प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि नदियों में पाए जाने वाले जलीय जीवों और प्राकृतिक मत्स्य संपदा का संरक्षण पर्यावरणीय संतुलन के लिए बेहद आवश्यक है। नदियों में उपयुक्त प्रजातियों के मत्स्य बीजों का संचयन प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों को बढ़ाने की दिशा में प्रभावी कदम है। इससे जलीय पारिस्थितिकी के संरक्षण के साथ मत्स्य संसाधनों के सतत विकास को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, लेकिन पर्यावरण की रक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने आमजन से गंगा सहित प्रदेश की सभी नदियों को स्वच्छ रखने, जल प्रदूषण रोकने और जलीय जीवों के प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित रखने में सहयोग करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियां और प्राकृतिक संसाधन आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण के साथ विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, समृद्ध और पर्यावरण की दृष्टि से सुरक्षित भविष्य का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर शिशुपाल सिंह नेगी सहित मत्स्य विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *