धामी सरकार का विकास पैकेज: प्रदेशभर की योजनाओं के लिए 10.08 करोड़ रुपये मंजूर - Seva Bharat Times

धामी सरकार का विकास पैकेज: प्रदेशभर की योजनाओं के लिए 10.08 करोड़ रुपये मंजूर

मंदिरों के सौंदर्यीकरण, सड़कों, धर्मशालाओं और जनसुविधाओं के विकास कार्यों को मिलेगी गति

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर  सिंह  धामी  ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विकास कार्यों को तेजी देने और जनहित से जुड़ी घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 10.08 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियों को मंजूरी प्रदान की है। इन स्वीकृतियों से धार्मिक पर्यटन, सड़क संपर्क, पेयजल सुविधाओं और आधारभूत ढांचे के विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री द्वारा पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट क्षेत्र में हरिचंद देवता मंदिर के मास्टर प्लान विकास के लिए 1.42 करोड़ रुपये, लोहारगांव संपर्क मार्ग निर्माण हेतु 70.87 लाख रुपये तथा बटकेश्वर मंदिर एवं तीर्थ स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 63.39 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं धारचूला क्षेत्र में नंदा मंदिर से खोली बन तक पैदल मार्ग निर्माण के लिए 81.43 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

अल्मोड़ा जिले में भिकियासैंण स्थित शिव मंदिर के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 53.51 लाख रुपये, सोमेश्वर क्षेत्र में प्राचीन गोपेश्वर महादेव मंदिर के विकास एवं सुरक्षा कार्यों हेतु 98.25 लाख रुपये तथा विभिन्न क्षेत्रों में 50 हैंडपंप स्थापना के लिए 42.98 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।

पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर क्षेत्र में जानकी पुल से चौरासी कुटिया तक मार्ग को ‘बीटल्स स्ट्रीट’ के रूप में विकसित करने के लिए 85.74 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में सांकरसैंण-बरसीला-बगड़ मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं बीआरसी कोटली गांव तक सड़क निर्माण के लिए कुल 1.42 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

चंपावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र में डुंगरीफर्त्याल स्थित शिव मंदिर और मोत्यूराज स्थित मां कर्डाई मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए क्रमशः 75 लाख और 25 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

नैनीताल जिले के भीमताल विधानसभा क्षेत्र में ओखलकांडा ब्लॉक के कैड़ागांव बुग स्थल और धारी स्थित मौनी बाबा आश्रम में धर्मशाला निर्माण के लिए 87.95 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इसके अतिरिक्त देहरादून स्थित श्री गुरुनानक पब्लिक महिला इंटर कॉलेज, खुड़बुड़ा में पुताई, पेंटिंग और मरम्मत कार्यों के लिए लगभग 40 लाख रुपये की अवशेष धनराशि जारी करने को भी मंजूरी दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं संवर्धन, सड़क संपर्क को मजबूत बनाने और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *