योग से बनेगा स्वस्थ और सशक्त उत्तराखंड : मुख्यमंत्री धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, योग को बताया तन, मन और आत्मा का समन्वय

देहरादून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए योग को भारत की सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया के करोड़ों लोग इसे अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि तन, मन और आत्मा का समन्वय है। नियमित योगाभ्यास तनाव को कम करने, मानसिक संतुलन बनाए रखने और जीवन में सकारात्मकता लाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि महान ऋषि पतंजलि द्वारा प्रदत्त योग की परंपरा आज पूरी मानवता को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सदियों से योग, आध्यात्मिक साधना और ऋषि-मुनियों की तपस्थली रही है। राज्य सरकार उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नई योग नीति के तहत योग एवं ध्यान केंद्रों को बढ़ावा देने, योग प्रशिक्षकों को सहयोग प्रदान करने और योग आधारित रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने प्रदेशवासियों से प्रतिदिन योग को अपनाने, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली विकसित करने, नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने तथा योग के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के युवा योग को जनआंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और स्वस्थ, समृद्ध तथा सशक्त उत्तराखंड के निर्माण में सहभागी बनेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *