देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जनपदों में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से 3.18 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस निर्णय से पिथौरागढ़, चम्पावत और हरिद्वार में आधारभूत सुविधाओं एवं धार्मिक पर्यटन से जुड़े कार्यों को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने जनपद पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पांखू में विद्युत सब-स्टेशन निर्माण के लिए कुल 5 करोड़ रुपये की योजना के तहत प्रथम किश्त के रूप में 2 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी और उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
इसके अलावा जनपद चम्पावत के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत मोत्यूराज में माँ कड़ॉई मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे धार्मिक स्थल का विकास होने के साथ-साथ स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
वहीं जनपद हरिद्वार के पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र में नगर पंचायत पिरान कलियर द्वारा विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों के क्रियान्वयन के लिए 92.63 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का भी मुख्यमंत्री ने अनुमोदन प्रदान किया है।
राज्य सरकार का कहना है कि इन विकास कार्यों से स्थानीय जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा क्षेत्रीय विकास और आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी।