राज्य स्थापना दिवस पर ऋतु खण्डूडी भूषण ने शहीद राज्य आंदोलनकारियों को किया नमन, बोलीं– उनके सपनों का उत्तराखण्ड बनाना हमारा संकल्प - Seva Bharat Times

राज्य स्थापना दिवस पर ऋतु खण्डूडी भूषण ने शहीद राज्य आंदोलनकारियों को किया नमन, बोलीं– उनके सपनों का उत्तराखण्ड बनाना हमारा संकल्प

विधानसभा परिसर में अमर शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि, विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड बनाने का लिया संकल्प


देहरादून।
उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने विधानसभा परिसर में राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीद राज्य आंदोलनकारियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद आंदोलनकारियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उनके अदम्य साहस, संघर्ष और बलिदान को नमन किया।


इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण वर्षों के संघर्ष, जनआंदोलन और असंख्य आंदोलनकारियों के त्याग एवं बलिदान का परिणाम है। अलग राज्य की मांग को लेकर आंदोलनकारियों ने अनेक कठिनाइयों का सामना किया और अपने प्राणों तक का बलिदान दिया। उन्हीं के संघर्षों के परिणामस्वरूप आज उत्तराखण्ड अपनी अलग पहचान और गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत के साथ आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड महज एक भौगोलिक इकाई नहीं, बल्कि यहां के लोगों की भावनाओं, आकांक्षाओं और वर्षों के संघर्ष का प्रतीक है। राज्य आंदोलनकारियों ने जिस विकसित, खुशहाल और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड का सपना देखा था, उसे साकार करना प्रत्येक प्रदेशवासी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण की दिशा में बढ़ रहे कदम

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास, सुशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं, प्राकृतिक संपदा और पर्यावरण का संरक्षण करते हुए प्रदेश को सशक्त, समृद्ध, विकसित एवं आत्मनिर्भर बनाना ही अमर शहीद राज्य आंदोलनकारियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

अंत में ऋतु खण्डूडी भूषण ने समस्त प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर प्रगति की कामना करते हुए राज्य आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखण्ड बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *