ऋषिकेश में 10 नवंबर को लगेगा विशाल बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर, मुख्यमंत्री धामी करेंगे शुभारंभ - Seva Bharat Times

ऋषिकेश में 10 नवंबर को लगेगा विशाल बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर, मुख्यमंत्री धामी करेंगे शुभारंभ

एक ही स्थान पर मिलेंगी सभी सरकारी विभागों की सेवाएं, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का मिलेगा सीधा लाभ

देहरादून। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार, 10 नवंबर को ऋषिकेश में विशाल बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। चंद्रेश्वर नगर स्थित नगर रजत जयंती पार्क में सुबह 11 बजे आयोजित होने वाले इस शिविर का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे।

शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे। यहां एक ही छत के नीचे नागरिकों को अलग-अलग विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। खास बात यह है कि लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय कई समस्याओं का समाधान मौके पर ही मिल सकेगा।

पेंशन से लेकर दिव्यांगों को मिलेंगे सहायक उपकरण

शिविर में समाज कल्याण एवं महिला कल्याण विभाग की ओर से वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग और किसान पेंशन के आवेदन तथा स्वीकृति संबंधी कार्यवाही की जाएगी। दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड बनाए जाएंगे और जरूरतमंद दिव्यांग एवं बुजुर्गों को निःशुल्क सहायक उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

स्वास्थ्य जांच और आयुष्मान कार्ड की सुविधा

स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा। गर्भवती महिलाओं की जांच, दवाइयों का वितरण, बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और पोषण संबंधी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके साथ ही पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने की व्यवस्था भी की जाएगी।

रोजगार, कृषि और स्वरोजगार योजनाओं का मिलेगा लाभ

ग्राम्य विकास, कृषि, पंचायत राज, सहकारिता, मत्स्य, रेशम और दुग्ध विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाएंगे। यहां किसानों को बीज, कृषि यंत्र, खाद और किसान हितग्राही योजनाओं की जानकारी मिलेगी। स्वयं सहायता समूहों के गठन, प्रशिक्षण और विपणन के साथ स्वरोजगार योजनाओं से जुड़ी प्रक्रियाएं भी पूरी की जाएंगी।

बिजली-पानी, सड़क और राशन कार्ड की समस्याओं का समाधान

विद्युत विभाग बिजली बिलों में सुधार, नए कनेक्शन और भुगतान संबंधी शिकायतों का निस्तारण करेगा। जल जीवन मिशन के तहत पेयजल बिलों और नए कनेक्शन से जुड़ी समस्याएं सुनी जाएंगी। लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई और पीएमजीएसवाई से संबंधित सड़क समस्याओं पर भी कार्रवाई होगी।

खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा राशन कार्डों का सत्यापन, संशोधन और नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। राजस्व विभाग की ओर से आय, जाति, चरित्र और स्थायी निवास प्रमाण पत्र सहित निर्विवाद उत्तराधिकार के मामलों का निस्तारण किया जाएगा।

युवाओं को रोजगार और श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी

श्रम विभाग श्रमिक कार्ड बनाने और नवीनीकरण के साथ श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देगा। सेवायोजन विभाग युवाओं की काउंसलिंग और रोजगार मेले से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। बैंकिंग सेवाओं से वंचित परिवारों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने के साथ बीमा एवं स्वरोजगार योजनाओं के आवेदनों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि सभी विभागों को शिविर में प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर मौके पर ही निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन मामलों में अतिरिक्त औपचारिकताओं की आवश्यकता होगी, उनमें आवेदकों को स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।

जिला प्रशासन का लक्ष्य इस शिविर के माध्यम से सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और आमजन को एक ही स्थान पर अधिकतम सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *