विपक्ष के विरोध की निंदा, महिला सशक्तिकरण के पक्ष में एकजुट दिखा बोर्ड।
कोटद्वार। सिटी खबर/संवाददाता। आज कोटद्वार नगर निगम सभागार में मेयर शैलेन्द्र रावत की अध्यक्षता में आयोजित विशेष बोर्ड बैठक में “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” के समर्थन में महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक के दौरान विपक्ष द्वारा अधिनियम के विरोध को लेकर कड़ी निंदा व्यक्त की गई।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” महिलाओं को राजनीति और समाज में समान भागीदारी दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। यह अधिनियम महिला सशक्तिकरण, सम्मान और आत्मनिर्भरता को मजबूती प्रदान करेगा।

नगर निगम बोर्ड ने एक स्वर में कहा कि महिलाओं का सम्मान और अधिकार सुरक्षित करना एक विकसित एवं सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा तथा समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा।
इस के साथ ही प्रस्ताव पारित करने में कांग्रेसी पार्षद श्री विपिन डोबरियाल, श्री नईम एहमद, नाजमीन एवं निर्दलीय पार्षद श्री हिमांशु वर्मा, श्री सुखपाल शाह, बीना देवी, सहित लगभग सभी विपक्षी पार्षदों ने भी प्रस्ताव के पक्ष में अपनी बात रखी।
बैठक के अंत में महिला सशक्तिकरण के समर्थन में प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित करते हुए नारी शक्ति के सम्मान और संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई गई।