देहरादून। राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अशोक वर्मा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर प्रदेश के विकास और पिछड़ा वर्ग कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने पौड़ी जनपद के विकासखंड कलजीखाल में आयोजित बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर में सामने आई जनसमस्याओं की विस्तृत रिपोर्ट भी मुख्यमंत्री को सौंपी।
अशोक वर्मा ने मुख्यमंत्री को बताया कि ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण – जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत आयोजित जनसेवा शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया और सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा रोजगार से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। उन्होंने इन सभी मुद्दों को संकलित कर विस्तृत रिपोर्ट मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत करते हुए शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रिपोर्ट का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “अंतिम व्यक्ति तक विकास” की नीति के तहत कार्य कर रही है और पिछड़ा वर्ग सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
भेंट के दौरान प्रदेश में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी प्रगति पर भी चर्चा हुई। अशोक वर्मा ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए जनहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
इसके बाद अशोक वर्मा ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचकर भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार से भी मुलाकात की। उन्होंने उन्हें कलजीखाल कार्यक्रम की रिपोर्ट सौंपते हुए क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और विकास संबंधी सुझावों पर विस्तृत चर्चा की।
अंत में अशोक वर्मा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार का मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।