देहरादून में जुए के बड़े अड्डे पर पुलिस का छापा, 13 गिरफ्तार; डेढ़ लाख से ज्यादा नकदी बरामद - Seva Bharat Times

देहरादून में जुए के बड़े अड्डे पर पुलिस का छापा, 13 गिरफ्तार; डेढ़ लाख से ज्यादा नकदी बरामद

देहरादून। दून पुलिस ने राजपुर क्षेत्र में संचालित जुए के एक बड़े अड्डे का पर्दाफाश करते हुए 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 1.52 लाख रुपये से अधिक की नकदी, 41 अमेरिकी डॉलर, 167 ताश की गड्डियां, 625 डाईस (मजंग) और 118 जुआ चिप्स बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार क्षेत्राधिकारी नगर-द्वितीय एवं डालनवाला नितिन लोहनी को सूचना मिली थी कि राजपुर क्षेत्र में हेलीपैड के समीप स्थित एक मकान में बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना के आधार पर राजपुर थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए क्रिस्ट ज्योति स्कूल मार्ग स्थित मकान पर छापा मारा।

छापेमारी के दौरान मकान के भीतर चार अलग-अलग टेबलों पर लोग हार-जीत की बाजी लगाते हुए ताश और डाईस के माध्यम से जुआ खेलते मिले। पुलिस को देखकर कुछ लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम ने सभी को मौके पर ही दबोच लिया।

पुलिस ने चारों टेबलों से 1.12 लाख रुपये की फड़ धनराशि बरामद की। वहीं तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 40,570 रुपये अतिरिक्त नकदी और एक व्यक्ति के पास से 41 अमेरिकी डॉलर भी मिले। इस तरह कुल बरामद धनराशि 1,52,870 रुपये पहुंच गई।

इसके अलावा कमरे में रखे कार्टनों और प्लास्टिक कंटेनरों से भारी मात्रा में ताश की गड्डियां, डाईस और जुआ सामग्री बरामद हुई, जिससे संकेत मिलता है कि यहां लंबे समय से जुए का कारोबार संचालित किया जा रहा था।

पुलिस ने बरामद नकदी और अन्य सामग्री को सील कर कब्जे में ले लिया है। क्षेत्राधिकारी नितिन लोहनी ने कहा कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *