महापौर पद के प्रत्याशी वीरेंद्र पोखरियाल ने की विक्रेताओं के कार्यों की सराहना, हर संभव सहयोग का दिया भरोसा
देहरादून। दून न्यूज पेपर एजेंट एसोसिएशन की ओर से हर वर्ष की परंपरा को कायम रखते हुए इस बार भी समाचार पत्र विक्रेताओं के साथ दीपावली उत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के सभी समाचार पत्र विक्रेता सिटी बैंक्वेट हॉल में एकत्रित हुए और एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए त्योहार की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम के दौरान एसोसिएशन की ओर से समाचार पत्र विक्रेताओं को दीपावली के उपलक्ष्य में उपहार वितरित किए गए। उपहार वितरण कार्यक्रम में महापौर पद के प्रत्याशी श्री वीरेंद्र पोखरियाल ने विशेष रूप से प्रतिभाग किया। इस दौरान श्री देवेंद्र पाल सिंह भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वीरेंद्र पोखरियाल ने समाचार पत्र विक्रेताओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका योगदान बेहद सराहनीय है। समाचार पत्र विक्रेता भीषण गर्मी, कड़ाके की सर्दी और बारिश जैसी विपरीत परिस्थितियों की परवाह किए बिना प्रतिदिन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कार्य को अंजाम देते हैं। उनकी मेहनत के कारण ही समाचार पत्र समय पर आम जनता तक पहुंचते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाचार पत्र विक्रेताओं को जब भी उनकी आवश्यकता होगी, वह उनके साथ खड़े रहेंगे।
उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि त्योहार के दौरान बच्चे खुले स्थान पर ही पटाखे जलाएं और अभिभावक उनके साथ मौजूद रहें। साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर पानी की बाल्टी सहित आवश्यक सावधानियां अवश्य रखें।
वहीं, देवेंद्र पाल सिंह ने भी समाचार पत्र विक्रेताओं को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समाचार पत्रों का घर-घर वितरण करना एक महत्वपूर्ण और प्रशंसनीय कार्य है। विक्रेता प्रतिदिन मेहनत करके लोगों तक देश-दुनिया की खबरें पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर समाचार पत्र विक्रेताओं ने एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यूनियन की ओर से वर्ष में दो बार उपहार वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित करना सराहनीय पहल है। ऐसे आयोजन विक्रेताओं के बीच आपसी एकता, सहयोग और भाईचारे को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में यूनियन के पदाधिकारी हरप्रीत सिंह, ललित जोशी, राकेश कुमार भट्ट, राकेश शर्मा, वीरेंद्र सेमवाल, कैलाश सेमवाल, सरबजीत सिंह, अनूप कुमार, गुमान सिंह, गांधी जी, संदीप सिंह, वीरेंद्र चौहान, नन्दू सिंह, सौरभ, गौरव, रंजीत रावत सहित अनेक सदस्य एवं समाचार पत्र विक्रेता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन दीपावली की शुभकामनाओं और आपसी सौहार्द के संदेश के साथ हुआ।