नंदा की चौकी पुल सुरक्षित, सिर्फ एप्रोच रोड धंसी; जिम्मेदारों पर होगी सख्त कार्रवाई: सचिव PWD

देहरादून। देहरादून के नंदा की चौकी स्थित नवनिर्मित पुल को लेकर फैली आशंकाओं के बीच लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव पंकज कुमार पांडेय ने स्पष्ट किया है कि पुल पूरी तरह सुरक्षित है। लगातार हुई भारी बारिश के कारण पुल की एप्रोच रोड का एक हिस्सा धंस गया, जिसे युद्ध स्तर पर दुरुस्त करने का कार्य जारी है।

सचिव पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि बीती रात हुई मूसलाधार बारिश के चलते तेज बहाव में एप्रोच रोड के नीचे से मलबा बह गया, जिससे सड़क का एक हिस्सा धंस गया। हालांकि पुल की संरचना पूरी तरह सुरक्षित है और यातायात जल्द से जल्द बहाल करने के लिए विभागीय टीमें लगातार मौके पर कार्य कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को मौके पर भेजा गया है, जिन्हें एप्रोच रोड की मरम्मत के साथ-साथ पूरे मामले की तकनीकी जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट में यदि किसी अधिकारी, अभियंता या ठेकेदार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सचिव ने बताया कि लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर और बहाव तेज है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नदी के बहाव को मोड़ने का प्रयास किया जा रहा है तथा सिंचाई विभाग के अधिकारी भी मौके पर तैनात हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में यदि कहीं नई बनी सड़कें या पुल निर्धारित समय से पहले क्षतिग्रस्त होते हैं तो उनकी तकनीकी जांच कराई जाएगी और दोषी अधिकारी अथवा ठेकेदार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

प्रदेशभर में बारिश से प्रभावित सड़कों को खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग युद्ध स्तर पर काम कर रहा है। बंद सड़कों की स्थिति विभागीय पोर्टल पर लाइव अपडेट की जा रही है और विभाग का लक्ष्य है कि अधिकतर मार्गों को 24 घंटे के भीतर यातायात के लिए बहाल किया जाए।

इस बीच देहरादून–मसूरी मार्ग पर भी एक नए जलस्रोत के सक्रिय होने से बार-बार मलबा आने की समस्या बनी हुई है। यहां विभाग ने मशीनों और कर्मचारियों के साथ विशेष टीम तैनात कर दी है ताकि मार्ग को सुरक्षित और सुचारु रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *