ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत अब तक 19 अवैध हथियार, 358 कारतूस और बड़ी संख्या में फर्जी लाइसेंस बरामद
देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस सिंडिकेट के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए हथियार खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ ही इस हाई-प्रोफाइल मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि काशीपुर क्षेत्र में की गई सटीक और प्रभावी कार्रवाई के दौरान आरोपी पलविन्दर सिंह, पुत्र स्वर्गीय धर्म सिंह, निवासी ग्राम कचनालगाजी, थाना काशीपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से एक .30 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस (.30 बोर), एक .315 बोर राइफल तथा चार जिंदा कारतूस (.315 बोर) के साथ फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किया गया।
एसएसपी ने बताया कि एसटीएफ द्वारा फर्जी शस्त्र लाइसेंस सिंडिकेट की जड़ों तक पहुंचने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऑपरेशन प्रहार के तहत अब तक कुल 13 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। साथ ही 19 अवैध शस्त्र, 358 जिंदा कारतूस तथा बड़ी संख्या में फर्जी एवं संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस बरामद किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए भी अभियान जारी है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एसटीएफ का कहना है कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस के जरिए अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने तक अभियान लगातार जारी रहेगा।