कौशल विकास मंत्रालय की पहल से छात्रों, स्टार्टअप्स और इनोवेटर्स को मिलेगा मेंटरशिप, निवेशकों से जुड़ने और बिजनेस शुरू करने का अवसर
देहरादून। देशभर के इनोवेटर्स और उद्यमियों से मिल रहे जबरदस्त उत्साह को देखते हुए कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय ने अपने प्रमुख राष्ट्रीय इनोवेशन प्लेटफॉर्म ‘नवाचार मंत्र’ के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 जुलाई 2026 कर दी है। मंत्रालय का उद्देश्य अधिक से अधिक प्रतिभाशाली युवाओं, स्टार्टअप्स और नवाचारकर्ताओं को अपने अभिनव विचारों को सफल व्यवसाय में बदलने का अवसर प्रदान करना है।
मंत्रालय के अनुसार, अब तक आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से देशभर से हजारों आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। समय-सीमा बढ़ाए जाने से उम्मीद है कि टियर-2, टियर-3 शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में नए और अभिनव विचार सामने आएंगे।
‘नवाचार मंत्र’ कार्यक्रम को मंत्रालय के मार्गदर्शन में नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर एंटरप्रेन्योरशिप एंड स्मॉल बिजनेस डेवलपमेंट (निस्बड) द्वारा संचालित किया जा रहा है, जबकि आईआईटी दिल्ली का फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी ट्रांसफर (एफआईटीटी) इसका नॉलेज पार्टनर है। कार्यक्रम का उद्देश्य संभावनाशील बिजनेस आइडियाज की पहचान कर उन्हें विशेषज्ञ मार्गदर्शन, मेंटरशिप, इनक्यूबेशन, उद्योगों से जुड़ाव और बाजार तक पहुंच उपलब्ध कराना है।
इस पहल के तहत चयनित प्रतिभागियों को अनुभवी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, इंडस्ट्री पार्टनरशिप, निवेशकों से जुड़ने का अवसर और संस्थागत सहयोग मिलेगा, जिससे वे अपने आइडिया को व्यवहारिक और सफल स्टार्टअप में बदल सकें। कार्यक्रम नवाचार आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ रोजगार सृजित करने वाले नए उद्यम तैयार करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मंत्रालय ने छात्रों, स्टार्टअप्स, प्रोफेशनल्स, जमीनी स्तर के इनोवेटर्स और उद्यमी बनने के इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे 15 जुलाई 2026 तक अपना पंजीकरण कर इस अवसर का लाभ उठाएं। मंत्रालय का मानना है कि विस्तारित समय-सीमा से देश के हर क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे आने और भारत के मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम का हिस्सा बनने का बेहतर अवसर मिलेगा।