देहरादून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दूसरे चरण को प्रभावी बनाने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बुधवार को सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में मतदाताओं को जारी किए जा रहे नोटिस, उनकी सुनवाई और दस्तावेज सत्यापन की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाने हैं, उन्हें समय पर नोटिस उपलब्ध कराया जाए तथा सुनवाई के लिए पर्याप्त अवसर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वयं विधानसभा क्षेत्रों का नियमित फील्ड निरीक्षण कर सुनवाई प्रक्रिया की निगरानी करें और अभियान को पूरी पारदर्शिता व गंभीरता के साथ संचालित करें।
डॉ. पुरुषोत्तम ने कहा कि ईआरओ और एईआरओ की सहायता के लिए शिक्षा, राजस्व, तहसील समेत संबंधित विभागों से नोडल अधिकारियों की तैनाती की जाए, ताकि दस्तावेजों का सत्यापन समयबद्ध और सुचारु रूप से हो सके।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश के सभी जनपदों में मतदाताओं के लिए जारी किए जाने वाले नोटिसों की 100 प्रतिशत प्रिंटिंग पूरी कर उन्हें ईआरओ और बीएलओ स्तर तक पहुंचा दिया गया है। साथ ही नोटिसों पर सुनवाई की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो चुकी है।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलों के जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।