देहरादून में भाजपा का बढ़ा कुनबा, पार्षद बरखा पाल समेत कई युवाओं ने ली सदस्यता

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में नगर निगम की निर्वाचित पार्षद बरखा पाल, वरिष्ठ समाजसेवी महेश पाल तथा छात्र नेता दिवाकर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान भाजपा नेताओं ने सभी नवागंतुकों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी का पटका पहनाया और पुष्पमालाएं भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और कैबिनेट मंत्री खजान दास ने नवसदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी परिवार लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए साथियों के जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और जनसेवा के कार्यों को और अधिक गति प्राप्त होगी।

कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों से प्रभावित होकर समाज के विभिन्न वर्गों के लोग लगातार भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने इसे पार्टी की नीतियों, सुशासन और विकास के प्रति जनता के बढ़ते विश्वास का प्रतीक बताया।

प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने नवसदस्यों से संगठन की विचारधारा और सरकार की जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

वरिष्ठ समाजसेवी महेश पाल ने कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा के अनुरूप राष्ट्रहित, जनसेवा और संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।

इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, प्रदेश कार्यालय प्रभारी जगमोहन रावत, रजनीकांत नौटियाल, राहुल लारा, सचिन आनंद सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *