जिला निर्वाचन अधिकारी का एसआईआर शिविरों पर औचक निरीक्षण, बोले— कोई भी पात्र मतदाता सूची से न छूटे

देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के लिए लगाए गए विशेष शिविरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की संख्या, उनके सत्यापन की प्रगति और अभिलेखों के रखरखाव की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

डॉ. चौहान ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया की विश्वसनीयता का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें।

उन्होंने शिविरों में आने वाले नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी आवश्यक प्रपत्र, अभिलेख और सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और महिलाओं को प्राथमिकता देकर उनकी सहायता की जाए तथा मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आगाह किया कि एसआईआर अभियान के दौरान प्राप्त प्रत्येक आवेदन का निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक सत्यापन किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान की नियमित मॉनिटरिंग, दैनिक समीक्षा और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के भी निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, निर्वाचन विभाग के अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *