रेडियो समाज में सकारात्मक सोच और जनभागीदारी का सशक्त माध्यम: सीएम धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बल्लूपुर, देहरादून में ओहो रेडियो 89.2 FM का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में भी रेडियो अपनी विश्वसनीयता, व्यापक पहुंच और जनसरोकारों से जुड़े प्रभावी संवाद के कारण आज भी जनसंवाद, जनजागरूकता और सामाजिक चेतना का सशक्त माध्यम बना हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रेडियो सूचना, शिक्षा और मनोरंजन का ऐसा माध्यम है, जिसकी पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में रेडियो की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है।

उन्होंने विश्वास जताया कि ओहो रेडियो 89.2 FM सामाजिक जागरूकता बढ़ाने, सकारात्मक संवाद को प्रोत्साहित करने और जनहित से जुड़े विषयों को समाज के विभिन्न वर्गों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोकभाषाओं, लोककलाओं, लोकसंगीत और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए विभिन्न संचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक एवं एफएम रेडियो स्थानीय मुद्दों को सामने लाने, सकारात्मक समाचारों को बढ़ावा देने और जनभागीदारी मजबूत करने का प्रभावी मंच हैं।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि ओहो रेडियो 89.2 FM समाज में सकारात्मक सोच, रचनात्मक संवाद और जनहित के संदेशों को नई ऊर्जा देगा तथा उत्तराखंड के विकास और सांस्कृतिक समृद्धि को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान करेगा।

इस अवसर पर विधायक सविता कपूर तथा ओहो रेडियो के आरजे काव्य सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *