अल्मोड़ा/देहरादून। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने दो दिवसीय कुमाऊं दौरे के दौरान अल्मोड़ा जनपद में उच्च शिक्षा और क्षेत्रीय विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण कर बड़ी सौगात दी। उन्होंने सल्ट स्थित राजकीय महाविद्यालय तल्ला-सल्ट के नवनिर्मित अकादमिक भवन का लोकार्पण किया, जबकि शुक्रवार को रानीखेत राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वाणिज्य संकाय के नव निर्मित भवन का उद्घाटन करेंगे।
डॉ. रावत ने बताया कि कुमाऊं भ्रमण के दौरान वह विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, तकनीकी शिक्षण केंद्रों, सहकारी समितियों तथा विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं और छात्र हितों को लेकर सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के विकास, विश्वास और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर वह अल्मोड़ा में आयोजित प्रेस वार्ता को भी संबोधित करेंगे और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखेंगे।
इससे पूर्व अपने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के तीन दिवसीय दौरे के अंतिम दिन डॉ. रावत ने डुमणीकोट और पाटों क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने 230.93 लाख रुपये की लागत से गणतखाल-कठुखाल मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य का लोकार्पण किया तथा 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले देवराड़ी खेल मैदान का शिलान्यास किया।
बूंगीधार में आयोजित बैठक में उन्होंने प्रभागीय वनाधिकारी पौड़ी, उपजिलाधिकारी थलीसैंण और दूधातोली विनसर चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ विनसर महादेव मंदिर की भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डॉ. रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, सड़क, खेल और धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास की रोशनी पहुंच रही है।
प्रमुख बिंदु:-
- तल्ला-सल्ट महाविद्यालय के नए अकादमिक भवन का लोकार्पण
- रानीखेत पीजी कॉलेज में वाणिज्य संकाय भवन का उद्घाटन आज
- शैक्षणिक एवं सहकारी संस्थानों का औचक निरीक्षण करेंगे मंत्री
- केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रेस वार्ता
- गणतखाल-कठुखाल मोटर मार्ग डामरीकरण कार्य का लोकार्पण
- देवराड़ी खेल मैदान निर्माण का शिलान्यास
- विनसर महादेव मंदिर भूमि हस्तांतरण पर अधिकारियों संग समीक्षा बैठक