मसूरी। मसूरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के चलते उत्तर प्रदेश से घर से निकला 14 वर्षीय नाबालिग बालक सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली मसूरी के लैंडलाइन नंबर पर उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत धर्मपाल का फोन आया। उन्होंने बताया कि उनका 14 वर्षीय पुत्र आदर्श बिना बताए घर से चला गया है। मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसकी अंतिम लोकेशन मसूरी के पिक्चर पैलेस बस स्टैंड क्षेत्र में दिखाई दे रही है।
सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस ने बिना देर किए चीता पुलिस को मौके पर रवाना किया। पिक्चर पैलेस बस स्टैंड पर तलाश के दौरान बालक वहां नहीं मिला। इसके बाद उसकी नई मोबाइल लोकेशन कंपनी गार्डन क्षेत्र में मिलने पर थाना क्षेत्र की सभी पुलिस चौकियों को तत्काल अलर्ट किया गया और सघन तलाश अभियान शुरू किया गया।
लगातार मोबाइल लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस ने आखिरकार बालक को लाइब्रेरी चौक के पास घूमते हुए सकुशल बरामद कर लिया। चीता पुलिस उसे सुरक्षित अभिरक्षा में लेकर चौकी लाइब्रेरी पहुंची और तत्काल उसके पिता को इसकी सूचना दी।
कुछ समय बाद बालक के पिता धर्मपाल, निवासी ग्राम सनेहपुर, थाना हाफिजगंज, तहसील नवाबगंज, जनपद बरेली (उत्तर प्रदेश) मसूरी पहुंचे। आवश्यक पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने नाबालिग आदर्श को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।
मसूरी पुलिस की इस त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई की परिजनों ने सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।