हरिद्वार में करोड़ों की GST चोरी का खुलासा, फर्जी ITC के खेल पर कार्रवाई - Seva Bharat Times

हरिद्वार में करोड़ों की GST चोरी का खुलासा, फर्जी ITC के खेल पर कार्रवाई

हरिद्वार। औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल में राज्य कर विभाग ने जीएसटी चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार कंपनियों पर एक साथ छापेमारी की। जांच के दौरान करोड़ों रुपये की जीएसटी अनियमितताएं और सर्कुलर ट्रेडिंग का मामला सामने आया। विभागीय टीम ने मौके पर ही करीब 2 करोड़ रुपये की वसूली की, जबकि कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त कर लिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, प्लास्टिक दाना उत्पादन एवं ट्रेडिंग से जुड़ी इन कंपनियों पर लंबे समय से विभाग की नजर थी। विशेष अनुसंधान शाखा, सचल दल और ऑडिट इकाई के अधिकारियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कंपनियों के स्टॉक, खरीद-बिक्री रिकॉर्ड और जीएसटी रिटर्न की गहन जांच की।

जांच में सामने आया कि कंपनियां फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का लाभ लेकर जीएसटी का कैश भुगतान बेहद कम या शून्य दिखा रही थीं। इतना ही नहीं, चारों कंपनियां आपस में सर्कुलर ट्रेडिंग कर कृत्रिम रूप से अपना टर्नओवर भी बढ़ा रही थीं। स्टॉक सत्यापन के दौरान रिकॉर्ड और वास्तविक माल में भारी विसंगतियां पाई गईं।

राज्य कर उपायुक्त कार्तिकेय वर्मा ने बताया कि छापेमारी के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया गया था, जिनमें कुल 12 अधिकारी शामिल थे। जांच के दौरान जीएसटी चोरी के पुख्ता प्रमाण मिलने पर आवश्यक दस्तावेज और डिजिटल डेटा कब्जे में ले लिया गया है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कर और जुर्माने की अतिरिक्त वसूली की जाएगी।

वहीं राज्य कर आयुक्त प्रतीक जैन ने स्पष्ट किया कि प्रदेशभर में जीएसटी चोरी और फर्जी आईटीसी के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कर अपवंचन करने वाली कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और विभाग के रडार पर मौजूद अन्य संदिग्ध कंपनियों की भी जल्द जांच की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद सिडकुल की कई औद्योगिक इकाइयों में हड़कंप मच गया है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई देखने को मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *