“युवा जोश से सशक्त होगा भारत” – राष्ट्र निर्माण उत्सव में सीएम धामी ने भरी नई ऊर्जा - Seva Bharat Times

“युवा जोश से सशक्त होगा भारत” – राष्ट्र निर्माण उत्सव में सीएम धामी ने भरी नई ऊर्जा

???? देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़ी कैंट स्थित हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित “राष्ट्र निर्माण उत्सव” कार्यक्रम में युवाओं को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि “युवा शक्ति ही राष्ट्र निर्माण की असली ताकत है।”

ओहो रेडियो और ड्रीमर्स एड्यु हब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने तीन नए रेडियो चैनलों का शुभारंभ भी किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण का मजबूत संकल्प है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में रेडियो के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि समय के साथ तकनीक बदल गई है, लेकिन रेडियो की विश्वसनीयता और आत्मीयता आज भी कायम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम “मन की बात” का उल्लेख करते हुए रेडियो को पुनः जन-जन तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की।

युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का जिक्र किया और कहा कि युवा ही राष्ट्र के पुनर्जागरण का सबसे सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे लक्ष्य प्राप्ति तक निरंतर प्रयासरत रहें और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें।

सीएम धामी ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और यही उसकी सबसे बड़ी पूंजी है। यदि इस ऊर्जा को सही दिशा मिले तो भारत न केवल आर्थिक महाशक्ति बनेगा बल्कि पुनः “विश्व गुरु” के रूप में स्थापित होगा।

उन्होंने राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि उत्तराखंड में स्टार्टअप संस्कृति, कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देकर युवाओं को सशक्त बनाया जा रहा है। साथ ही “स्वामी विवेकानंद कॉरिडोर” और दून विश्वविद्यालय में “सेंटर फॉर हिन्दू स्टडीज” जैसी पहलें सांस्कृतिक और वैचारिक विकास को नई दिशा दे रही हैं।

कार्यक्रम में फिल्म अभिनेता राकेश बेदी, मेजर प्राजुक्ता देसाई, आरजे काव्या सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।

???? मुख्यमंत्री ने अंत में विश्वास जताया कि युवाओं के संकल्प, नवाचार और समर्पण से वर्ष 2047 तक भारत को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राष्ट्र बनाने का लक्ष्य अवश्य प्राप्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *