महिला पर शक बना हत्या की वजह, विवाद के बाद लकड़ी के डंडे से किया हमला; खोतिला पुल के पास मिला था शव
पिथौरागढ़। उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र में महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। खोतीला क्षेत्र में हुई इस वारदात में पुलिस ने मृतका के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे 35 वर्षीय देवराज नबियाल को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पुलिस जांच में महिला पर शक करना हत्या की मुख्य वजह सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, नेपाल के दार्चुला क्षेत्र की रहने वाली 35 वर्षीय मीनू उर्फ मीना लोहार पिछले करीब तीन वर्षों से अपने पति से अलग रहकर धारचूला के खोतीला निवासी देवराज नबियाल के साथ रह रही थी। मृतका का पूर्व पति और उसके तीन बच्चे धारचूला के बगीचा क्षेत्र में रहते हैं।
जांच में सामने आया कि महिला और आरोपी के बीच गुरुवार रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि देवराज महिला पर शक करता था। इसी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे बढ़ गया और आरोपी ने महिला के साथ मारपीट करते हुए लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया।
हमले में सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आने के बाद महिला अपनी जान बचाने के लिए घर से बाहर भागी, लेकिन घर से करीब 600 मीटर दूर खोतिला पुल के पास उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाया हत्याकांड
शुक्रवार सुबह खोतिला जाने वाले पुल के पास महिला का शव बरामद होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका की पहचान नेपाल के दार्चुला (सुनसेरा) निवासी मीना लोहार के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की और संदिग्ध के रूप में मृतका के लिव-इन पार्टनर देवराज नबियाल को गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक एवं जांच अधिकारी अंबी राम आर्य के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद और महिला पर शक करने की बात हत्या की वजह के रूप में सामने आई है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
इस घटना ने सीमांत क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और घरेलू संबंधों में बढ़ते विवादों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।