विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने वर्चुअल माध्यम से किया शुभारंभ, वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के समाधान की उम्मीद।
कोटद्वार/ संवाददाता पुनीत रावत/15 मई। कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नं० 38 झंडीचौड़ उत्तरी में पेयजल संकट से जूझ रहे हजारों लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। उत्तराखण्ड जल संस्थान द्वारा राज्य सेक्टर कार्यक्रम के अंतर्गत “सिगड्डी पेयजल योजना” के तहत ₹124 लाख की लागत से नलकूप खनन एवं पम्पिंग कार्य का शिलान्यास किया गया।

इस महत्वाकांक्षी योजना का वर्चुअल शुभारंभ उत्तराखण्ड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूड़ी भूषण द्वारा किया गया। योजना के शिलान्यास के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों ने इसे क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम बताया।

जानकारी के अनुसार यह योजना झंडीचौड़ उत्तरी, झंडीचौड़ पूर्वी, झंडीचौड़ पश्चिमी, रामदयालपुर, लोकमणिपुर और गंदरियाखाल क्षेत्र के लगभग 4000 लोगों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराएगी। गर्मियों के दौरान इन इलाकों में पानी की भारी किल्लत बनी रहती थी, जिससे लोगों को दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाना पड़ता था। अब नलकूप एवं पम्पिंग कार्य पूर्ण होने के बाद पेयजल आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों को राहत मिलेगी।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। पेयजल, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कई योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। “सिगड्डी पेयजल योजना” भी इन्हीं प्रयासों की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जो भविष्य में क्षेत्र की बढ़ती आबादी की जरूरतों को पूरा करने में सहायक सिद्ध होगी।

बताया गया कि वर्ष 2022 से अब तक विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक ऋतु खण्डूड़ी भूषण के प्रयासों से कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में कई नलकूप एवं मिनी नलकूप स्थापित किए जा चुके हैं। जिन क्षेत्रों में यह कार्य हुए हैं उनमें मानपुर, खूनीबड़, लोकमणिपुर, रामपुर, देवरामपुर, हल्दुखाता, मोटाढ़ांग, कण्वाश्रम, महेंद्र नगर तथा झंडीचौड़ उत्तरी जैसे क्षेत्र शामिल हैं। इन योजनाओं से हजारों लोगों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल सुविधा का लाभ मिल रहा है।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि प्रमोद केष्टवाल, कमल नेगी, महेश नेगी, राजेंद्र जज़ेडी, अमिताभ अग्रवाल, पार्षद राजेंद्र बिष्ट, रजनीश बेबनी, कुबेर जलाल, सुदर्शन सिंह, राजीव डबराल, अनिल गौड़, सतीश धूलिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने कहा कि विधायक ऋतु खण्डूड़ी भूषण के प्रयासों से क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों को गति मिल रही है तथा जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि यह योजना आने वाले वर्षों में भी बेहतर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएगी।