सरकार आपके द्वारः न्याय पंचायत झांझरा में प्रशासन ने सुनीं जन समस्याएं। - Seva Bharat Times

सरकार आपके द्वारः न्याय पंचायत झांझरा में प्रशासन ने सुनीं जन समस्याएं।

देहरादून 06 जनवरी,2026: प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पहल ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार, प्रशासन गांव की ओर’ अभियान के तहत मंगलवार को सहसपुर ब्लॉक की न्याय पंचायत झांझरा में तहसीलदार विवेक राजौरी की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया गया तथा विभागीय योजनाओं के माध्यम से 613 लोगों को लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर, जिला अध्यक्ष मीता सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

शिविर में ग्रामीणों द्वारा कुल 98 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से 37 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध ढंग से निस्तारण के निर्देश दिए गए। जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने पेयजल, विद्युत, सिंचाई, प्रधानमंत्री आवास, अवैध खनन एवं अतिक्रमण से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं।

झांझरा ग्राम प्रधान अर्जुन कुमार ने 300 मीटर लंबी एसटी विद्युत लाइन को निजी संपत्ति से हटाकर मुख्य मार्ग के किनारे स्थानांतरित कराने, बरसाती नालों के निर्माण तथा मौजा बंशीवाला स्थित अंबेडकर पार्क की भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग रखी। साथ ही झांझरा में सरकारी भूमि पर हाट बाजार लगाने की अनुमति की मांग भी की।

ग्राम अटकफार्म की प्रधान सुनीता देवी ने डुंगा रेंज वन क्षेत्र एवं वन पंचायत की भूमि के बीच सीमा विवाद के समाधान हेतु वन विभाग से सीमांकन कराने की मांग की। कंडोली ग्राम प्रधान कोमल ने ग्राम पंचायत के प्रमुख स्थलों एवं चौराहों पर सोलर स्ट्रीट लाइट लगाए जाने की मांग रखी।

सिद्धौवाला ग्राम प्रधान ने जल संस्थान के माध्यम से गांव में पानी के बिल भुगतान हेतु शिविर लगाने की मांग की, ताकि ग्रामीणों को भुगतान में आ रही कठिनाइयों का समाधान हो सके। साथ ही उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल लाइन बिछाने एवं आंगनबाड़ी भवन की स्वीकृति प्रदान करने की मांग भी रखी।

यूकेडी के सहसपुर ब्लॉक अध्यक्ष यशपाल सिंह नेगी ने पछवादून क्षेत्र में नदी-नालों के किनारे हो रहे अवैध कब्जों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। जनसुनवाई के दौरान फरियादी दिनेश नौटियाल ने अपने घर के सामने से विद्युत खंभा हटाने, रमेश चंद्र ने हरबर्टपुर जैन गेट के सामने लटकी विद्युत लाइन एवं खंभे को ठीक कराने की मांग रखी। वहीं झांझरा निवासी मनोज कुमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास स्वीकृत करने की गुहार लगाई।

बहुउद्देशीय शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा एलोपैथिक में 77, होम्योपैथिक में 64 तथा आयुर्वेदिक में 40 लोगों की जांच कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। राजस्व विभाग ने 26 प्रमाण पत्र जारी किए। कृषि विभाग ने 8 एवं उद्यान विभाग ने 20 किसानों को कृषि यंत्र, बीज एवं पीएम किसान निधि का लाभ प्रदान किया। समाज कल्याण विभाग ने 04 पात्र व्यक्तियों की पेंशन मौके पर स्वीकृत की। जिला पूर्ति विभाग द्वारा 28 राशन कार्ड धारकों की केवाईसी कराई गई। इसके अतिरिक्त बाल विकास विभाग ने 20, एनआरएलएम ने 28 तथा श्रम विभाग ने 15 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ पहुंचाया। सेवायोजन विभाग द्वारा 20 छात्रों को करियर काउंसलिंग दी गई, जबकि यूको बैंक ने 25 ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी दी।

शिविर में सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर, जिला अध्यक्ष मीता सिंह, जिला महामंत्री यशपाल नेगी, जिला पंचायत सदस्य कंचन, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मेघ सिंह, ग्राम प्रधान अर्जुन कुमार, सलोनी, निधि गैरोला, आरती नैनवाल, कोमल सहित तहसीलदार विवेक राजौरी, खंड विकास अधिकारी मुन्नी शाह, ग्राम विकास अधिकारी चमन प्रकाश नौटियाल, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *