देहरादून। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शनिवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा, सुरक्षित रख-रखाव तथा निगरानी व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों और सुरक्षा प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ईवीएम वेयरहाउस निर्वाचन प्रक्रिया का बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए इसकी सुरक्षा और निगरानी में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
प्रवेश-निकास व्यवस्था और अभिलेखों की भी जांच
डीएम ने वेयरहाउस में रखी ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने के साथ ही प्रवेश एवं निकास व्यवस्था और संबंधित अभिलेखों का भी अवलोकन किया। उन्होंने नियमित निगरानी एवं निरीक्षण की प्रक्रिया को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप लगातार जारी रखने के निर्देश दिए।
डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता है। ईवीएम और वीवीपैट का सुरक्षित रख-रखाव तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता और पूरी सजगता के साथ निर्वहन करने को कहा।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रावधानों के तहत वेयरहाउस की सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। साथ ही निरीक्षण प्रक्रिया में उनकी सहभागिता सुनिश्चित की गई।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, ईवीएम नोडल दिनक रौतेला, तहसीलदार सदर सुरेंद्र देव, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली सहित आम आदमी पार्टी के कमल राणा और भाजपा के दौलतराम मकवाना समेत अन्य संबंधित अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।