केदारनाथ उप चुनाव: स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा में रखी गई ईवीएम - Seva Bharat Times

केदारनाथ उप चुनाव: स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा में रखी गई ईवीएम

ईवीएम की सुरक्षा को लेकर आईटीबीपी, अर्द्धसैनिक बल एवं पुलिस के जवान तैनात।

23 नवंबर को होगा प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ विधानसभा उप चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपंन हो गया है। मतदान को लेकर 173 पोलिंग बूथ बनाए गए थे। मतदान संपंन कराने के बाद सभी पोलिंग पार्टियां सकुशल पहुंच चुकी हैं। ईवीएम मशीनों को भारत निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त सामान्य प्रेक्षक विनोद शेषन की निगरानी में स्ट्रांग रूम में रखकर सील किया गया है।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ गहरवार, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कौंडे, रिटर्निंग अधिकारी अनिल कुमार शुक्ला सहित भाजपा एवं कांग्रेस प्रत्याशियों के अभिकर्ता भी मौजूद रहे।

जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ गहरवार ने कहा कि केदारनाथ विधान सभा उप चुनाव को सफलता पूर्वक एवं निष्पक्ष ढंग से संपादित किया गया है तथा सभी पोलिंग पार्टियां सकुशल वापस पहुंच गई हैं। ईवीएम मशीनों को कड़ी सुरक्षा के बीच में स्ट्रांग रूम में रखा गया है तथा प्रेक्षक की उपस्थिति में स्ट्रांग रूम सील किया गया।

उन्होंने निर्वाचन कार्य में तैनात सभी जोनल, सेक्टर, नोडल, पीठासीन अधिकारियों, मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं अर्द्धसैनिक बलों, पुलिस जवानों, परिवहन विभाग, खाद्य विभाग सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी का आभार किया।

उन्होंने कहा कि सभी ने अपने दायित्वों का निर्वहन कुशलता के साथ किया, जो बधाई के पात्र हैं। इसके साथ ही उन्होंने केदारनाथ विधानसभा के मतदाताओं का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने बढ़-चढकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

उन्होंने यह भी कहा कि 23 नवंबर को होने वाली मतगणना के लिए सभी तैयारियां एवं व्यवस्थाएं कर ली गई हैं तथा मतगणना कार्मिकों की तैनाती कर दी गई है और मतगणना को लेकर 14 टेबिल लगाई जाएंगी, जिसके लिए चाक-चौबंद व्यवस्था की जा रही हैं।

पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि केदारनाथ विधानसभा उप चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपादित कर लिया गया है तथा ईवीएम मशीनों को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है, जिसके लिए तीन लेयर सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है, जिसमें आईटीबीपी, अर्द्धसैनिक बल एवं पुलिस के जवान के साथ ही सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से भी सुरक्षा पर कड़ी निगरानी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *