पीआईबी देहरादून में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान, अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया पौधारोपण

देहरादून। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को मजबूत करते हुए पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), देहरादून में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने परिसर में आम, चीकू और लीची सहित विभिन्न फलदार पौधे लगाए और इनके संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आकाशवाणी देहरादून की संयुक्त निदेशक साक्षी सिंह ने पौधारोपण करते हुए कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, कृतज्ञता और पर्यावरण संरक्षण की प्रतिबद्धता का पावन प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और समृद्ध भविष्य के निर्माण की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक संजीव सुंद्रियाल ने सभी से अपील की कि शुभ अवसरों पर पौधा लगाने के साथ-साथ उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं। उन्होंने कहा कि प्रकृति और माँ का रिश्ता बेहद अटूट है। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान हमारी जननी और धरती के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रभावी माध्यम है।

5 जून 2024 को शुरू हुआ था अभियान

गौरतलब है कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की शुरुआत 5 जून 2024 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर की गई थी। अभियान का उद्देश्य लोगों को अपनी माँ के प्रति प्रेम, सम्मान और आदर के प्रतीक के रूप में एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित करना है। साथ ही, इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, भूक्षरण की रोकथाम और क्षतिग्रस्त भूमि के पुनर्स्थापन को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम के दौरान पीआईबी देहरादून के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संस्थान, कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ, हरित एवं सुंदर बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। सभी ने स्वच्छ, स्वस्थ और सतत भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

संदेश साफ है—माँ के नाम एक पेड़ लगाएं, उसे पेड़ बनने तक संभालें और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली की विरासत छोड़ें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *