बस दुर्घटना के घायलों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, चिकित्सकों को दिए सख्त निर्देश - Seva Bharat Times

बस दुर्घटना के घायलों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, चिकित्सकों को दिए सख्त निर्देश

घायलों का जाना हालचाल, चिकित्सकों से ली स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी | प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का दिया भरोसा

देहरादून। टिहरी गढ़वाल के गूलर घाटी क्षेत्र में हुए भीषण बस हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को एम्स ऋषिकेश पहुंचकर दुर्घटना में घायल लोगों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में उपचाराधीन घायलों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछा और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति और उन्हें दिए जा रहे उपचार की प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर एवं समुचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उपचार में किसी भी प्रकार की कमी या लापरवाही नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक घायल को आवश्यकतानुसार बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गूलर घाटी में हुई यह दुर्घटना अत्यंत दुःखद है। राज्य सरकार इस हादसे से प्रभावित लोगों और उनके परिजनों के साथ खड़ी है। घायलों के बेहतर उपचार के साथ-साथ प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के उपचार एवं देखभाल की निरंतर निगरानी करने के भी निर्देश दिए।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *