सनसनी नहीं, सच्चाई और जिम्मेदारी बने पत्रकारिता की पहचान: प्रियंका जोशी - Seva Bharat Times

सनसनी नहीं, सच्चाई और जिम्मेदारी बने पत्रकारिता की पहचान: प्रियंका जोशी

देहरादून। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जिला सूचना कार्यालय, देहरादून में सोमवार को ‘‘पत्रकारिताः सनसनी या जिम्मेदारी’’ विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी की अध्यक्षता में आयोजित गोष्ठी में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, डिजिटल मीडिया की चुनौतियों, समाचारों की विश्वसनीयता और मीडिया की सामाजिक जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी ने कहा कि पत्रकारिता में सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता एवं तथ्यात्मकता सर्वोपरि होनी चाहिए। आधुनिक तकनीक और सोशल मीडिया के दौर में सूचनाओं का प्रसार बेहद तेज हो गया है। ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी भी पहले से अधिक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि समाचारों को आकर्षक बनाने के लिए सनसनीखेज प्रस्तुति के बजाय तथ्यों की प्रमाणिकता और विश्वसनीयता को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि समाज तक सही और सकारात्मक जानकारी पहुंच सके।

वरिष्ठ पत्रकार बीडी शर्मा ने कहा कि पत्रकारिता की विश्वसनीयता उसकी सत्यनिष्ठा और ईमानदारी पर निर्भर करती है। समाचारों के प्रकाशन एवं प्रसारण से पहले तथ्यों का सत्यापन आवश्यक है। उन्होंने पत्रकारिता में स्वतंत्र एवं मौलिक चिंतन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।

वरिष्ठ पत्रकार गिरिधर गोपाल लुथरा ने संवेदनशील विषयों पर समाचार प्रकाशित करते समय विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि अपुष्ट और भ्रामक सूचनाएं समाज में नकारात्मक प्रभाव डाल सकती हैं। वहीं वरिष्ठ पत्रकार घनश्याम चन्द जोशी ने कहा कि आपदा की दृष्टि से संवेदनशील उत्तराखंड में पत्रकारों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। आपदा एवं विपरीत परिस्थितियों में सही और प्रमाणिक सूचनाओं का प्रसार बेहद जरूरी है।

वरिष्ठ पत्रकार पिताम्बर कुमार ने कहा कि मीडिया को सरकार, समाज और विभिन्न समुदायों के बीच महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभानी चाहिए। पत्रकारिता का उद्देश्य केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि जनहित के मुद्दों को प्रमुखता देना, व्यवस्था की कमियों को उजागर करना और सकारात्मक बदलाव के लिए जनजागरूकता पैदा करना भी है।

गोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार इन्द्रेश कोहली, उमाशंकर कुकरेती, संदीप शर्मा, हिना, सूर्य प्रकाश, जगमोहन मौर्य, अवनीश कुमार, रमन जायसवाल, कुलदीप सिंह, शिवनारायण और राहुल शर्मा सहित अन्य पत्रकारों ने भी विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि डिजिटल एवं सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच पत्रकारिता के सामने सबसे बड़ी चुनौती विश्वसनीयता बनाए रखने की है। इसके लिए तथ्य-जांच, भाषा की मर्यादा और सामाजिक संवेदनशीलता को प्राथमिकता देना जरूरी है।

कार्यक्रम के समापन पर वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। इसका दायित्व जनसमस्याओं को आवाज देना, शासन-प्रशासन को जवाबदेह बनाना और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना है। सनसनी से अधिक सत्य और त्वरित प्रसार से अधिक तथ्यपरकता को महत्व देकर ही मीडिया आमजन का विश्वास कायम रख सकता है।

इस अवसर पर प्रेम पंचौली, अमित नेगी, भुवनेश थपलियाल, सोहनवीर सिंह धीरवान, मुकेश कुमार, मानव डोभाल, आकाश सिंह एवं जसपाल राणा सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे। जिला सूचना कार्यालय की ओर से अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी रवेन्द्र नेगी, कनिष्ठ सहायक इन्द्रेश एवं अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *