कृमि संक्रमण से बचाव की तैयारी पूरी, देहरादून में 6.57 लाख बच्चों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल - Seva Bharat Times

कृमि संक्रमण से बचाव की तैयारी पूरी, देहरादून में 6.57 लाख बच्चों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को दी जाएगी एल्बेंडाजॉल की दवा, सरकारी और निजी स्कूलों में चलेगा अभियान

देहरादून। जनपद देहरादून में बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के लिए 18 नवंबर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष तक की आयु के 6,57,234 बच्चों को एल्बेंडाजॉल की कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के दौरान किसी कारणवश दवा लेने से छूटने वाले बच्चों को 25 नवंबर को आयोजित मॉपअप राउंड में दवा दी जाएगी।

अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करने के निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि निर्धारित तिथि पर जनपद के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और संबंधित संस्थानों में बच्चों को एल्बेंडाजॉल की दवा खिलाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को रैपिड रिस्पांस टीमों के माध्यम से अभियान की नियमित निगरानी करने तथा सभी विभागों के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखने को कहा।

उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए कृमि संक्रमण से बचाव बेहद महत्वपूर्ण है। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा कृमि संक्रमण से बचाव के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए सभी विभाग निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करें।

बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र कुमार, शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा सभी विकासखंडों में तैनात स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।

सेवा भारत टाइम्स | देहरादून

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *