खुशहालपुर में अपराधियों के अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर, आधा दर्जन से अधिक मकान ध्वस्त

गोहत्या और नशा तस्करी के मामलों में आरोपी हिस्ट्रीशीटरों पर प्रशासन का शिकंजा, सरकारी भूमि कराई गई अतिक्रमण मुक्त

देहरादून। पछुवादून के खुशहालपुर क्षेत्र में प्रशासन ने सरकारी भूमि पर किए गए कथित अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिला प्रशासन की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में आधा दर्जन से अधिक निर्माणों को ध्वस्त कर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।

प्रशासन के मुताबिक, कार्रवाई की जद में आए लोगों के खिलाफ गोहत्या, नशा तस्करी, गुंडा एक्ट समेत विभिन्न आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। अधिकारियों का कहना है कि संबंधित संपत्तियों और भूमि दस्तावेजों की जांच के बाद पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे।

डीएम के निर्देश पर एसडीएम की अगुवाई में कार्रवाई

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर एसडीएम विकासनगर विनोद कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने पुलिस बल के साथ खुशहालपुर क्षेत्र में कार्रवाई शुरू की। प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायतों और संबंधित दस्तावेजों की जांच के बाद नियमानुसार यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई की जद में आए कई लोग आपराधिक पृष्ठभूमि वाले बताए गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड में इनके खिलाफ अलग-अलग मामलों में मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है।

कई मामलों में नामजद बताए गए आरोपी

प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, खुशहालपुर क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान आमिर, मेहराज, सलमान, दिलशाद मिर्ची, मोहसिन, फैजान और कौसर समेत कई लोगों के कथित अवैध निर्माणों को हटाया गया।

प्रशासन के मुताबिक, आमिर के खिलाफ 21, मेहराज के खिलाफ 8, सलमान के खिलाफ 21, दिलशाद मिर्ची के खिलाफ 8, मोहसिन के खिलाफ 15 और फैजान के खिलाफ 19 मामले दर्ज बताए गए हैं। वहीं कौसर के खिलाफ ड्रग्स से जुड़े दो मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है।

एसएसपी बोले—आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती जारी

एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल के अनुसार, कार्रवाई की जद में आए लोगों में कई हिस्ट्रीशीटर बताए गए हैं और इनके खिलाफ विभिन्न आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि अपराध और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

सीएम धामी का सख्त संदेश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में अपराध और अवैध कब्जे को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के सरकारी जमीनों पर कब्जा करने और गोहत्या व ड्रग्स तस्करी जैसी गतिविधियों में संलिप्त होने की सूचनाएं सामने आई थीं। संबंधित लोगों की आपराधिक पृष्ठभूमि और संपत्तियों की जांच के बाद जिला प्रशासन द्वारा विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने और अपराध को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ कानून के दायरे में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खुशहालपुर में हुई इस कार्रवाई को प्रशासन की ओर से सरकारी भूमि पर अतिक्रमण और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *