भाऊवाला से लौटते समय मुख्यमंत्री ने लिया पुनर्निर्माण कार्य का जायजा, अधिकारियों को गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
देहरादून। प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी पुल की क्षतिग्रस्त एप्रोच रोड के पुनर्निर्माण कार्य का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को निरीक्षण किया। सहसपुर के भाऊवाला में आयोजित महिला संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम से लौटते समय मुख्यमंत्री अचानक नंदा की चौकी पहुंचे और मौके पर चल रहे कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने कार्यस्थल पर पुनर्निर्माण की गुणवत्ता, सुरक्षा इंतजाम और यातायात संचालन की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने अधिकारियों एवं अभियंताओं से कार्य की प्रगति और मौके पर की गई व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
12 घंटे में पूरा हुआ एप्रोच रोड का पुनर्निर्माण
नंदा की चौकी पुल की एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही राज्य सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों को राहत एवं पुनर्निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देशन में अधिकारियों और अभियंताओं ने युद्धस्तर पर कार्य करते हुए महज 12 घंटे के भीतर एप्रोच रोड का पुनर्निर्माण पूरा कर लिया।
तेजी से किए गए इस कार्य के चलते क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को जल्द सामान्य किया जा सका और स्थानीय लोगों तथा राहगीरों को होने वाली परेशानी से राहत मिली।
त्वरित कार्रवाई के लिए अधिकारियों की सराहना
मुख्यमंत्री धामी ने पुनर्निर्माण कार्य में जुटे अधिकारियों, अभियंताओं और कर्मचारियों के त्वरित एवं समर्पित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और क्षतिग्रस्त सड़कों एवं पुलों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उन्हें एप्रोच रोड की वर्तमान स्थिति, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा उपायों से भी अवगत कराया।
नंदा की चौकी एप्रोच रोड का 12 घंटे में पुनर्निर्माण पूरा होना प्रशासन की त्वरित कार्यवाही और आपात परिस्थितियों में तत्परता का उदाहरण माना जा रहा है।