अमेजन गोदाम बना मौत का जाल: आग में झुलसकर दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत - Seva Bharat Times

अमेजन गोदाम बना मौत का जाल: आग में झुलसकर दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत

हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित अमेजन स्टोर में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक स्टोर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रामपुर रोड के जीतपुर नेगी क्षेत्र में स्थित अमेजन स्टोर में शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। पास में स्थित ब्लिंकिट स्टोर के कर्मचारियों ने धुआं और आग की लपटें देखकर तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। स्टोर का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। आग पर काबू पाने के बाद जब टीम अंदर पहुंची तो वहां मौजूद दो कर्मचारियों के शव बरामद हुए। दोनों की मौत आग की चपेट में आने और दम घुटने से होने की आशंका जताई जा रही है।

मृतकों की पहचान गौलापार निवासी नरेंद्र और पंचायतघर निवासी अमित के रूप में की जा रही है। पुलिस ने परिजनों को बुलाकर शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया।

अग्निकांड में स्टोर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। वहीं चार्जिंग पर लगी एक स्कूटी और परिसर में खड़ा एक टेंपो भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय स्टोर बंद था और दोनों कर्मचारी अंदर मौजूद थे।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम को मौके पर भेजा गया था। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। मामले की जांच की जा रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

जांच के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था

इस दर्दनाक हादसे के बाद स्टोर की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठने लगे हैं। आग लगने के समय कर्मचारियों के अंदर मौजूद होने और बाहर निकलने का रास्ता न मिल पाने की स्थिति की जांच की जा रही है। पुलिस और अग्निशमन विभाग आग के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *