चार जिलों में विकसित पार्क जनता को समर्पित, आठ नए कूड़ा संग्रहण वाहनों को दिखाई हरी झंडी

ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को ऋषिकेश के चंद्रेश्वरनगर में आयोजित कार्यक्रम में 36 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के चार जिलों देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी के नौ नगर निकायों में विकसित देवभूमि रजत जयंती पार्कों को जनता को समर्पित किया। साथ ही आठ कूड़ा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती की स्मृतियों को स्थायी विकास कार्यों से जोड़ने के उद्देश्य से इन पार्कों का निर्माण कराया गया है। पहले जिन स्थानों पर कूड़े और झाड़ियों का अंबार लगा रहता था, आज वे बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के लिए उपयोगी सार्वजनिक स्थलों के रूप में विकसित हो रहे हैं। इन पार्कों में स्थानीय संस्कृति और क्षेत्रीय वनस्पतियों को भी विशेष स्थान दिया गया है।
स्वच्छता के क्षेत्र में प्रदेश ने हासिल की उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी 108 नगर निकाय खुले में शौच से मुक्त हो चुके हैं। ऋषिकेश और हरिद्वार को वाटर प्लस प्रमाणन प्राप्त हुआ है। शहरी क्षेत्रों में 90 प्रतिशत से अधिक कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण किया जा रहा है। वहीं, पुराने कचरे के निस्तारण से लगभग 109 एकड़ भूमि को दोबारा उपयोग योग्य बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के 107 नगर निकायों के लिए लगभग 1,375 करोड़ रुपये की स्वच्छता कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत 27 सीवेज एवं फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं।
अमृत योजना से 72 हजार से अधिक घरों को मिले नल कनेक्शन

मुख्यमंत्री ने बताया कि अमृत योजना के प्रथम चरण के अंतर्गत स्वीकृत 151 परियोजनाओं में से 148 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से 72 हजार से अधिक घरों को पेयजल के नल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड में 62 हजार से अधिक आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 50 हजार से अधिक परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा चुके हैं।
कुंभ-2027 के लिए डिजिटल स्वच्छता निगरानी व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने शहरी सेवाओं के डिजिटलीकरण पर जोर देते हुए बताया कि कुंभ-2027 को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार में डिजिटल स्वच्छता निगरानी व्यवस्था विकसित की जा रही है। इसका उद्देश्य शहर की स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहरों के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्वच्छता अभियान और पर्यावरण संरक्षण में आम नागरिकों की भागीदारी को आवश्यक बताते हुए सभी से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, महापौर शंभू पासवान, महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, शहरी विकास निदेशक विनोद गिरी गोस्वामी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।