हरिद्वार। केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने रविवार को हरिद्वार में आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड में भाजपा लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा भाजपा के साथ है और सरकार के विकास कार्यों तथा कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर पार्टी एक बार फिर शानदार जीत दर्ज करेगी।
राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती, वैचारिक प्रतिबद्धता, जनसेवा और आपसी एकजुटता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसकी सरकार नहीं, बल्कि मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। सत्ता में रहते हुए भी संगठन उतना ही सक्रिय, जीवंत और प्रभावशाली रहना चाहिए, जितना विपक्ष में रहते हुए रहता है।
उन्होंने उत्तराखंड में भाजपा संगठन की सराहना करते हुए कहा कि यहां का संगठन देवदार के विशाल वृक्ष की तरह मजबूत और गहरी जड़ों वाला है। प्रदेश में लगातार दो बार भाजपा की सरकार बनना कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह, जनता का समर्थन और सरकार के विकास कार्य तीसरी बार भी भाजपा की प्रचंड जीत का आधार बनेंगे।
राष्ट्र प्रथम, संगठन प्रथम और अंत्योदय भाजपा की पहचान
रक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की लगातार मिल रही सफलताओं के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सशक्त नेतृत्व, जनकल्याणकारी नीतियां और पार्टी कार्यकर्ताओं का अथक परिश्रम है। आज देश के 20 से अधिक राज्यों में एनडीए की सरकारें होना भाजपा की व्यापक स्वीकार्यता को दर्शाता है। प्रधानमंत्री का विकसित और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प जनकल्याण की भावना से प्रेरित है।
भाजपा की वैचारिक यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का एक देश में दो प्रधान, दो विधान और दो निशान न होने का संकल्प तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद पार्टी की वैचारिक नींव हैं। इसी विचारधारा से प्रेरित होकर भाजपा अंत्योदय के संकल्प के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए काम करती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता कोई साध्य नहीं, बल्कि जनसेवा और राष्ट्र निर्माण का माध्यम है। पार्टी कार्यकर्ता केवल चुनावी सफलता के लिए नहीं, बल्कि समाज और देश में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए काम करता है। सत्ता में रहना या विपक्ष में होना पार्टी की विचारधारा को प्रभावित नहीं करता। सिद्धांतों और विचारधारा से समझौता करना भाजपा की कार्यसंस्कृति का हिस्सा नहीं है।
डबल इंजन सरकार ने उत्तराखंड में विकास की नई इबारत लिखीः धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद देश में सेवा, सुशासन और जनकल्याण को केंद्र में रखकर ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। उस समय भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे राजनाथ सिंह आज रक्षा मंत्री के रूप में देश की सुरक्षा और सामर्थ्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड की डबल इंजन सरकार ने विकास की नई इबारत लिखी है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन और लखपति दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। सरकार प्रदेश की बेटियों और महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
35 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले नकल माफिया के खिलाफ सरकार ने कठोर कार्रवाई की है। देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। इसके सकारात्मक परिणामस्वरूप 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां प्रदान की गई हैं। नकल माफिया के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक आरोपियों को जेल भेजा गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि प्रदेश के युवाओं को उनकी योग्यता, मेहनत और प्रतिभा के आधार पर अवसर मिलें। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए सरकार लगातार प्रभावी कदम उठा रही है।