देहरादून। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में समाज के हर वर्ग की भागीदारी बढ़ाने के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत ट्रांसजेंडर समुदाय की सुश्री रेक्सा दानू को जनपद देहरादून के समस्त ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए मतदान आइकॉन नामित किया गया है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी, देहरादून द्वारा रेक्सा दानू को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनका मुख्य दायित्व ट्रांसजेंडर समुदाय के मतदाताओं को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना और आगामी विधानसभा चुनाव में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना होगा।
नामित मतदान आइकॉन रेक्सा दानू अपने समुदाय के सदस्यों को मताधिकार के महत्व की जानकारी देंगी। साथ ही मतदान के दिन अपने निर्धारित मतदेय स्थल पर पहुंचकर वोट डालने और अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगी।
इस संबंध में जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं नोडल अधिकारी (टीजी) दीपांकर घिल्डियाल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। ट्रांसजेंडर समुदाय को मतदान जागरूकता अभियान से जोड़ना समावेशी एवं सहभागी लोकतंत्र की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से जिले में “कोई मतदाता न छूटे, प्रत्येक मतदाता मतदान करे” के संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित किया जाएगा, ताकि विधानसभा निर्वाचन-2027 में अधिक से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
जिला प्रशासन की इस पहल से मतदान जागरूकता अभियान में ट्रांसजेंडर समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।