उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा: गूलर पुल से 120 फीट नीचे नदी में गिरी बस, 9 यात्रियों की मौत, 27 घायल - Seva Bharat Times

उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा: गूलर पुल से 120 फीट नीचे नदी में गिरी बस, 9 यात्रियों की मौत, 27 घायल

ऋषिकेश/टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। मुनि की रेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत गूलर पुल के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर करीब 120 फीट नीचे गूलर गाड़ नदी में जा गिरी। हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 27 यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार 17 नवंबर 2026 को सुबह करीब 4:50 बजे चौकी गूलर के माध्यम से बस दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना थाना मुनि की रेती को मिली। सूचना मिलते ही थाना मुनि की रेती, नरेंद्र नगर पुलिस, फायर सर्विस, आपदा राहत दल और एसडीआरएफ की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। इसके अलावा शिवपुरी स्थित आईटीबीपी कैंप से आईटीबीपी की टीम भी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई।

एक घंटे तक चला रेस्क्यू अभियान, 27 घायलों को पहुंचाया एम्स

दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए 108 एंबुलेंस के साथ स्थानीय एवं निजी अस्पतालों तथा एलएंडटी और नवयुगा कंपनी की एंबुलेंस को भी मौके पर बुलाया गया। बचाव दलों ने तेजी से रेस्क्यू अभियान चलाते हुए 27 घायल यात्रियों को बाहर निकाला और तत्काल एम्स ऋषिकेश पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, करीब एक घंटे के भीतर घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल भेज दिया गया।

इस हादसे में सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायलों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस प्रकार मृतकों की कुल संख्या नौ हो गई है।

हरिद्वार से जोशीमठ जा रही थी बस

Screenshot

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ सेवा की बस संख्या UK09PA-9779 मंगलवार तड़के करीब 3:15 बजे 34 यात्रियों को लेकर हरिद्वार से जोशीमठ के लिए रवाना हुई थी। बस को राजेंद्र सिंह (48 वर्ष), पुत्र कुंदन सिंह, निवासी क्यूरी पोखरी, रुद्रप्रयाग चला रहे थे। सुबह करीब 4:50 बजे गूलर पुल के पास बस अनियंत्रित होकर लगभग 120 फीट नीचे गूलर गाड़ नदी में जा गिरी।

बस में चालक सहित कुल 34 लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव दलों ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया।

पांच मृतकों की हुई पहचान, चार की शिनाख्त के प्रयास जारी

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, हादसे में अब तक पांच मृतकों की पहचान हो चुकी है। इनमें बस चालक राजेंद्र सिंह (48), परिचालक अनुज भंडारी (27), विक्की (37), पुन्नू (55) और राज राय शामिल हैं। शेष चार मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

दुर्घटना में घायल यात्रियों की सूची में झारखंड, बिहार, उत्तराखंड, असम, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों के निवासी शामिल हैं।

दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से पीड़ित यात्रियों का सामान सुरक्षा की दृष्टि से चौकी गूलर में सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस द्वारा मृतकों की शिनाख्त और उनके परिजनों से संपर्क करने की कार्रवाई भी की जा रही है।

यह हादसा एक बार फिर पर्वतीय मार्गों पर यात्री वाहनों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *