जनजातीय गौरव दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी ने दी 3,000 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, 246 योजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास - Seva Bharat Times

जनजातीय गौरव दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी ने दी 3,000 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, 246 योजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास

देहरादून में प्रशासनिक अधिकारियों और जनजाति विभाग के संस्थानों ने वर्चुअल माध्यम से राष्ट्रीय कार्यक्रम में किया प्रतिभाग


देहरादून।
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को विकास की बड़ी सौगात दी। रविवार को महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने लगभग 3,000 करोड़ रुपये की लागत वाली 246 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम का देशभर में सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें देहरादून जिला प्रशासन के अधिकारी एवं जनजाति विभाग के कर्मचारी भी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

कार्यक्रम में राज्य जनजाति सलाहकार परिषद उत्तराखंड के उपाध्यक्ष गीता राम गौड़, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, पूनम चमोली, संदीप नेगी, सुनील नेगी, नरेश धारखोली सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त जनजाति विभाग द्वारा संचालित विभिन्न संस्थानों ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा जनजातीय समाज के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षिक उत्थान को गति देने वाली विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात दी गई। इनमें जनजातीय विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (EMRS), प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत बहुउद्देशीय केंद्रों की स्थापना तथा जनजातीय विरासत एवं संस्कृति के संरक्षण से संबंधित परियोजनाएं प्रमुख रूप से शामिल रहीं।

राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान देहरादून के अधिकारियों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। इस दौरान जिले में निवासरत जनजातीय समुदायों तक केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से शत-प्रतिशत जोड़ने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

जनजातीय गौरव दिवस का यह आयोजन जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और देश के विकास में उनके योगदान को सम्मान देने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास के संकल्प को भी मजबूत करने का अवसर बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *